देवरिया : एशिया कप 2022 के शुरू होने में अब दो सप्ताह से भी कम समय बचा है । मतलब एशिया कप 27 अगस्त से यूएई में शुरू होगा। इस बार कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं। टूर्नामेंट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका होगा। रोहित की अगुवाई में टीम इंडिया की नजरें लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर होगी। वहीं, रोहित के पास इस बार बतौर कप्तान एक नया रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। उनके पास साथ ही पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड को भी तोड़ने का मौका होगा।
इसके अलावा भारतीय टीम को टूर्नामेंट में अपने खिताब बचाओ अभियान की शुरुआत 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करनी है। बता दें कि एशिया कप के किसी एक संस्करण में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज है। धोनी ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 2008 संस्करण में पांच पारियों में 327 रन बनाए हैं। रोहित ने 2018 में पांच पारियों में 317 रन बनाए थे। रोहित अगर 2022 में धोनी से ज्यादा रन बना लेते हैं तो वह एशिया कप के किसी एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बन जाएंगे।
रोहित के बाद इस लिस्ट में श्रीलंका के अर्जुन रणतुंगा हैं, जिन्होंने 1997 में चार पारियों में 272 रन बनाए थे। उनके अलावा पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने 2010 में तीन पारियों में बतौर कप्तान 265 और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 2004 में छह पारियों में 244 रन बनाए थे।
यूएई में एशिया कप का आयोजन
आप को बता दें कि अब तक जितनी बार यूएई में एशिया कप का आयोजन हुआ है, एक ही टीम खिताब जीतने में सफल हुई है और वो टीम कोई और नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम है। यूएई में एशिया कप का सबसे पहला सीजन 1984 में आयोजित हुआ था। फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराया था। दूसरी बार 1995 में एशिया कप की मेजबानी की। उस दौरान 4 टीमों ने हिस्सा लिया था। उस साल भी भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
इसके बाद 2018 में एशिया कप यूएई में खेला गया था। भारत ने फाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। भारत सातवीं बार टूर्नामेंट का विजेता बना था। अब फिर से यूएई में एशिया कप का आयोजन हो रहा है और एक बार फिर से टीम इंडिया के लिए खुशखबरी और टीम चौथा खिताब इस सरजमीं पर जीत सकती है।
ये भी पढ़ें : एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की कमान संभालेंगे शाकिब अल हसन