देवरिया। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई को परीक्षा आयोजित की थी। (NEET UG 2026 Cancelled) ये फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया। परीक्षा में पेपर लीक और प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोप सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

पेपर लीक के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद

नीट परीक्षा को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब राजस्थान समेत कई राज्यों में कथित तौर पर परीक्षा का पेपर पहले से उपलब्ध होने की खबरें सामने आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ “गेस पेपर” के करीब 125 सवाल असली पेपर से मेल खाते पाए गए। इसके बाद (NEET Paper Leak) को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

जांच के बाद NTA ने लिया बड़ा फैसला

जांच एजेंसियों की रिपोर्ट सामने आने के बाद NTA ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है। NTA ने यह भी कहा कि छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी को लेकर उसे चिंता है और नई परीक्षा से जुड़ी जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

यूपी से 3.6 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा

इस साल (Medical Entrance Exam) में देशभर से 25 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था। करीब 97 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई थी। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 3.6 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद अब इन सभी छात्रों को दोबारा एग्जाम देना होगा। NTA ने छात्रों को सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचने की सलाह दी है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी उसकी वेबसाइट और आधिकारिक चैनलों पर जारी की जाएगी।

केंद्रीय एजेंसियों को सौंपी गई जांच

NTA ने अपने ताजा बयान में कहा कि 8 मई 2026 को NEET UG 2026 से जुड़े कुछ मामलों को केंद्रीय एजेंसियों के पास जांच के लिए भेजा गया था। जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद मामला आगे बढ़ाया गया। एजेंसी ने दोहराया कि वह राष्ट्रीय परीक्षाओं को “fair, secure and credible” यानी निष्पक्ष, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से आयोजित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।