देवरिया न्यूज़

: :

Commonwealth Games 2022: मीराबाई चानू ने दिलाया भारत को पहला गोल्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई

देवरिया : टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में रजत पदक अपने नाम करने वाली भारत की मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। मीरा बाई चानू ने 49 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 201 किलो का वजन उठा कर भारत को 22वें राष्ट्रमंडल खेलों (22nd Commonwealth Games) में पहला गोल्ड दिया है। मीराबाई ने लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीता है। उन्होंने 2018 में गोल्डकोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी सोना जीता था।

मीराबाई चानू की इस जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। चल रहे खेलों में भारत के लिए उनके पहले स्वर्ण पदक ने पूरे देश में खुशी और उत्सव की लहर पैदा कर दी है। मीराबाई! भारत को आप पर और आपके पदकों पर गर्व है।’

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, “असाधारण मीराबाई चानू ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया है। हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों का एक नया रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर नए एथलीट को।”

बर्मिंघम में हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारत कोई मेडल नहीं जीत सका था। लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे दिन भारतीय वेटलिफ्टरों ने 4 मेडल जीते। इसकी बदौलत भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेडल टैली में 8वें स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया 13 गोल्ड समेत 32 मेडल जीतकर टैली में पहले नंबर पर है। न्यूजीलैंड ने 7 गोल्ड समेत 13 मेडल जीत लिए हैं। मेजबान इंग्लैंड तीसरे नंबर पर चल रहा है। उसने शनिवार रात तक 5 गोल्ड समेत 21 मेडल जीत लिए हैं। भारत ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।

ये भी पढ़ें : CWG 2022: 11 दिन, 19 खेल और 72 देश के बीच खेलों का घमासान, जानें इनसे जुड़ी बातें

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *