देवरिया : बर्मिंघम में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में नौवे दिन शनिवार को रवि दहिया, विनेश फोगाट और नवीन ने कुश्ती में शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए देश की पदक तालिका में तीन स्वर्ण जोड़े। इसके अलावा पूजा गहलोत ने महिला 50 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया। नवीन ने भारत को कुश्ती में दिन का तीसरा और कुल छठा स्वर्ण दिलाते हुए भारत ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 12 स्वर्ण पूरे कर लिये। नवीन ने पाकस्तिान के मोहम्मद शरीफ ताहिर को 9-0 से मात दी।

शुक्रवार को भारत ने 3 गोल्ड, 1 रजत और 2 कांस्य के साथ कुल छह पदक जीते थे। ऐसे में शनिवार को भारत ने कांसे के साथ शुरुआत करते हुए सातवां पदक जीता। पूजा गहलोत को सेमीफाइनल में कनाडा की मेडिसन पार्क्स के खिलाफ 9-6 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पूजा को कांस्य पदक जीतने का मौका मिला।

विनेश की हैट्रिक
कॉमनवेल्थ गेम्स 2014 और 2018 की गोल्ड मेडलिस्ट विनेश फोगाट ने महिला 53 किग्रा फाइनल में श्रीलंका की चमोदया केशानी को चित (विन बाई फॉल) करके स्वर्ण पदक जीता। विनेश ने चमोदया को एकतरफा मुकाबले में पहले टेकडाउन करके चार पॉइंट बनाये और फिर दोनों कंधे जमीन से मिलाकर राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक पूरी की।

रवि दहिया
कॉमनवेल्थ गेम्स में तीन बार के पदक विजेता वेल्सन ने मुकाबले की शुरुआत में रवि दहिया को पॉइंट स्कोर करने का कोई मौका नहीं दिया, लेकिन रवि दहिया ने आखिरी के समय में उनके पैरों को जकड़कर अंकों की झड़ी लगा दी और अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण हासिल किया।
इससे पहले पहलवान बजरंग पूनिया ने कनाडा के पहलवान लाचलन मैक्नेल को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। पुरुषों के 65 किग्रा भारवर्ग में बजरंग ने कनाडा के पहलवान को 7-2 के अंतर से मात देकर लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। बजरंग ने साल 2018 में गोल्ड कोस्ट में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वो अपना खिताब बचाने में सफल हुए हैं।

वहीं साक्षी मलिक ने 62 किग्रा के फाइनल में कनाडा की एना गोंडिनेज गोंजालेस को चित करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह साक्षी का कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला स्वर्ण पदक है। इससे पहले वह कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत और कांस्य पदक जीत चुकी हैं। भारतीय महिला पहलवानों में अंशु मलिक ने 57 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का कुश्ती में खाता खोला। अंशू मलिक को फाइनल मुकाबले में नाइजीरिया की ओडुनायो के खिलाफ 7-3 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

दीपक पूनिया की बात करें तो उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को पुरूषों के 86 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में 3-0 से हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। वह कनाडा के एलेक्जेंडर मूर को 3-1 से पराजित करके फाइनल में पहुंचे थे। इसके अलावा भारत की युवा महिला पहलवान दिव्या काकरान ने पिन फॉल से जरिए अपनी प्रतिद्वंद्वी टोंगा की टाइगर लिली को महज 30 सेकेंड़ में मात देकर महिलाओं की 68 किग्रा भार वर्ग की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। चरा साल पहले गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी दिव्या ने कांस्य पदक जीता था। वहीं, भारतीय पहलवान मोहित ग्रेवाल ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 125 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता था।
ये भी पढ़ें : Commonwealth Games 2022: रेसलिंग में भारत का धमाल, तीन गोल्ड सहित जीते छह पदक