
देवरिया। दीवापाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या भव्य दीपोत्सव का साक्षी बना। इस दौरान 15 लाख 76 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव में शामिल हुए। पीएम मोदी पहली बार दीपोत्सव का हिस्सा बने। सीएम योगी ने ट्वीट किया ‘इस बार हम सभी राम की पैड़ी पर 15 लाख 76 हजार से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित कर प्रभु के आगमन का उत्सव मना रहे हैं। समता, सहकार, समन्वय, सहयोग व श्रद्धा के दिव्य प्रकाश से पुनः श्री अयोध्या जी दीप्त हुई हैं।’प्रधानमंत्री और सीएम योगी ने प्रभु श्रीराम के प्रतीक का राज्याभिषेक किया और सरयू आरती में शामिल हुए।

दिवाली के पहले दिन रूप चौदस, जानिए कैसे पाएं सौंदर्य का आशीर्वाद
ये सौभाग्य प्रभु श्रीराम की कृपा से मिला: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला दर्शन किए। उन्होंने ट्वीट किया ‘अयोध्या की इस पावन धरती पर मुझे भगवान श्री रामलला की पूजा-अर्चना का सौभाग्य मिला। मैंने राष्ट्र की प्रगति और समस्त देशवासियों की कुशलता की कामना की। श्रीरामलला के दर्शन और उसके बाद राजा राम का अभिषेक, ये सौभाग्य प्रभु श्रीराम की कृपा से ही मिलता है। जब श्रीराम का अभिषेक होता है, तो हमारे भीतर उनके आदर्श एवं मूल्य और दृढ़ हो जाते हैं। भगवान राम के अभिषेक के साथ ही उनका दिखाया पथ और प्रदीप्त हो उठता है।’ उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े श्रमजीवियों से संवाद भी किया।

सीएम योगी ने रामभक्तों को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव-2022 में सर्वाधिक दीप प्रज्वलन कर बने विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र भेंट किया। उन्होंने इस रिकॉर्ड में शामिल होने वाले हर नागरिक का आभार जताया। सीएम योगी ने ट्वीट किया ‘प्रभु श्री राम की पावन स्मृतियों को संजोए अयोध्या जी में आज दिव्य रामरस के अमृत प्रकाश से दीप्त होकर माँ सरयू का तट ‘राममय’ हो गया। यहां सर्वाधिक दीप प्रज्वलन का बना विश्व रिकॉर्ड सनातन मूल्यों के प्रति दृढ़ होते जन-विश्वास की एक सुंदर झांकी है। सभी रामभक्तों को हार्दिक बधाई!’