देवरिया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने PET का रिजल्ट आज 5 दिसंबर को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। यह परीक्षा 6 और 7 सितंबर को राज्यभर में सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी।

ऑनलाइन स्कोरकार्ड भी जारी

UPSSSC ने रिजल्ट के साथ-साथ अभ्यर्थियों का स्कोरकार्ड भी ऑनलाइन जारी कर दिया है। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। लॉगिन करते ही उम्मीदवार अपनी परीक्षा का परिणाम स्क्रीन पर देख सकेंगे और उसे डाउनलोड भी कर सकते हैं।

अभ्यर्थी यहां देखें रिजल्ट

रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर दिए गए “Result” सेक्शन पर क्लिक करना होगा। फिर “UP PET Scorecard” लिंक पर जाकर रजिस्ट्रेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ भरनी होगी। लॉगिन करने के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे भविष्य की जरूरत के लिए प्रिंट करना जरूरी है।

सफल अभ्यर्थियों के लिए आगे क्या?

रिजल्ट जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश में निकलने वाली ग्रुप-बी और ग्रुप-सी स्तर की भर्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि PET स्कोरकार्ड की वैधता तीन वर्षों तक रहेगी। हालांकि स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए एक निश्चित समय सीमा तय की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना स्कोरकार्ड जरूर डाउनलोड कर लें।

19 लाख उम्म्दवारों ने दी थी परीक्षा

आयोग द्वारा यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के 48 जिलों में स्थित 1479 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई थी। इस परीक्षा में करीब 19 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। PET परीक्षा उत्तर प्रदेश के ग्रुप-बी और ग्रुप-सी पदों पर भर्ती प्रक्रिया का पहला और महत्वपूर्ण चरण मानी जाती है। इसी वजह से इस परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्सुकता थी।