देवरिया। दक्षिण गोवा स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान श्रीराम की 77 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। कांस्य धातु से बनी यह प्रतिमा मशहूर मूर्तिकार राम सुतार की रचना है, जिन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी डिजाइन किया था। समारोह के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर पर ध्वज फहरने के कुछ ही दिनों बाद विश्व की सबसे ऊंची राम प्रतिमा का अनावरण उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है।
मठ की 550 वर्षों की परंपरा पर बोले पीएम
प्रतिमा अनावरण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ की 550 साल पुरानी विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि- “यह जानकर गर्व होता है कि संस्थान ने कई प्राकृतिक चुनौतियों और बदलते समय के बावजूद अपनी आध्यात्मिक पहचान को जीवित रखा है।” प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक स्थान को भारतीय संस्कृति और परंपरा का सुदृढ़ केंद्र बताया।
विश्व की सबसे ऊंची राम मूर्ति
गोवा के पुर्तगाली क्षेत्र का-ना-को-ना में स्थित इस मठ में स्थापित 77 फीट ऊंची प्रतिमा को दुनिया भर में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा माना जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री दिगंबर कामत के अनुसार, यह प्रतिमा न केवल गोवा की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देगी बल्कि मठ के आध्यात्मिक महत्व को भी विश्व स्तर पर स्थापित करेगी। यह आयोजन हाल के वर्षों में मठ में हुए सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।