देवरिया: आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा और अक्षय कुमार की रक्षाबंधन बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई हैं। लाल सिंह चड्ढा को फ्लॉप कराने में सोशल मीडिया ट्रेंड बायकॉट बॉलीवुड का भी बड़ा रोल रहा है। एक तरफ जहां फिल्मी पंडित इस पर चुप्पी साधे बैठे हैं, तो दूसरी तरफ अर्जुन कपूर अपने बयान पर ट्रोल हो गए हैं। उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया है, जो लोगों को जरा भी पसंद नहीं आ रहा है। इतना ही नहीं उनके बयान और एक्टिंग स्किल को जोड़कर लोग मीम भी बना रहे हैं।
अर्जुन कपूर ने क्या कहा
अर्जुन कपूर की ‘एक विलेन रिटर्न्स’ पर भी बायकॉट का असर दिखा, जिसको लेकर एक इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने कहा- ‘अब तक चुप्पी साधना बहुत बड़ी गलती थी। लोगों ने अच्छाई का फायदा उठाया है’। उन्होंने ये भी कहा कि ‘हम काम से जवाब देंगे यह सोचना भी गलत था’। अर्जुन ने यह भी कहा कि ‘अपने हाथ गंदे करना ठीक नहीं लेकिन हमने अब तक बहुत सहा है। अब हमें एकजुट होकर कुछ करना होगा। लोग जो लिखते हैं या हैशटैग ट्रेंड कराते हैं, वो सच नहीं है’।
लोगों के निशाने पर आए अर्जुन कपूर
अपने इस बयान के बाद वो लोगों के निशाने पर आ गए हैं और उनकी ट्रोलिंग शुरू हो गई है। कुछ ने उनकी फ्लॉप फिल्में गिनाईं, तो कुछ ने उन्हें अपनी एक्टिंग पर ध्यान देने को कहा। पहले ही लाल सिंह चड्ढा करीना कपूर की ऐसी कुछ बयानबाजी के चलते नुकसान झेल रही है, ऐसे में अर्जुन कपूर का ये बयान जिसे दर्शक धमकी समझ रहे हैं, उनकी आने वाली फिल्मों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।
मध्यप्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी पसंद नहीं आया बयान
अर्जुन कपूर के इस बयान से आम जनता ही नहीं एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी भड़क गए। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके बयान पर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा ‘कोई फ्लाप एक्टर जनता को धमकाए ये सही नहीं है। उन्हें अपनी एक्टिंग पर ध्यान देना चाहिए’।
