देवरिया। समाजवादी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह और रोली तिवारी को निष्कासित कर दिया है। समाजवादी पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद ऋचा सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
ऋचा सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम इस देश की मर्यादा हैं और श्रीरामचरित मानस के खिलाफ स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी बर्दास्त के लायक नहीं है, स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान का विरोध करना उन्हें भारी पड़ा है। समाजवादी पार्टी अब लोहिया जी की विचारधारा से भटक चुकी है.
ऋचा सिंह ने कहा कि वह महिला हैं और सवर्ण बिरादरी से आती हैं, शायद यही कारण है कि विवादित टिप्पणी के खिलाफ खड़े होने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है। उन्होंने यह आरोप लगाया है कि उन्हें सपा के कुछ नेताओं द्वारा धमकियां दी जा रहीं हैं, इस पर अखिलेश यादव को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह दूसरा गेस्ट हाउस कांड बनाने की कोशिश उनके कार्यकर्ताओ द्वारा किया जा रहा है, जिसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वह तैयार हैं।
बता दें कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह ने प्रयागराज पश्चिम विधानसभा से 2017 और 2022 का विधान सभा चुनाव समाजवादी पार्टी से लड़ा था। आरोप है कि चुनाव में हार के बाद वह लगातार पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रही थीं।
सपा नेता रोली तिवारी और ऋचा सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने पर संत सामाज में नाराजगी है। संत समाज ने कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन धर्म विरोधी पार्टी है। जो संत का सम्मान करेगा उसे समाजवादी पार्टी अपने पार्टी में नहीं रहने देगी। यही वजह है कि दो महिला नेताओं को पार्टी के द्वारा बाहर किया गया है, क्योंकि उन्होंने सनातन संस्कृति और रामचरितमानस के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ आवाज उठाई थी।
हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी राजू दास ने कहा कि जो रामचरितमानस की और सनातन की बात करे वह समाजवादी पार्टी में नहीं रह सकता। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उसे पार्टी के बाहर कर देंगे। राजू दास ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर अभद्र टिप्पणी करते हुए नेवला प्रसाद नाम देते हुए कहा कि नेवला प्रसाद के द्वारा नारी सशक्तिकरण की बात कही जाती है और उन्हीं की पार्टी में महिलाओं का कितना सम्मान है एकदम साफ नजर आ रहा है।’