देवरिया। गुरुवार को अयोध्या के एक गांव में हुए ब्लास्ट में एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई। हादसा भदरसा-भरतकुंड नगर पंचायत के महाराणा प्रताप वार्ड के पगलाभारी गांव में रात करीब साढ़े सात बजे हुई। जोरदार धमाके (ayodhya blast) के साथ पूरा एक मकान अचानक ढह गया। मरने वालों में तीन छोटे बच्चे और दो युवक शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि सिलेंडर फटने से ये हादसा हुआ है।
जमीदोज हुआ 2 मंजिला मकान
गांव में रहने वाले लोगों ने बताया कि धमाका (ayodhya blast) इतना तेज था कि आस-पास के मकानों की दीवारें भी हिल गईं। जिसके बाद लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। जब तक लोग घटना स्थल पर पहुंचे रामकुमार गुप्त का दो मंजिला मकान पूरे तरीके से मलबे में तब्दील हो चुका था। उनका मकान गांव के बाहर था, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते थे और घर के एक हिस्से में आटा चक्की भी चलाते थे।
4 लोगों की मौके पर मौत
धमाके (ayodhya blast)की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश करने लगे। थोड़ी ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या सहित पूरी पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे पांच लोगों को निकालकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे में इनकी गई जान
डॉक्टरों ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रामकुमार गुप्त (पुत्र गुरु प्रसाद), उनकी बेटी ईशा (10 वर्ष), बेटा लव (7 वर्ष), छोटा बेटा यश (5 वर्ष) और उनके रिश्तेदार राम सजीवन (निवासी जीवपुर) के रूप में हुई है। पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे की पूरी जांच के आदेश भी दिए हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। जिलाधिकारी और एसपी मौके पर मौजूद रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं।


