देवरिया न्यूज़

: :

Commonwealth Games 2022: 61 पदक जीतकर चौथे स्थान पर रहा भारत , जानें कितने गोल्ड-सिल्वर और ब्रॉन्ज मिले

देवरिया : बर्मिंघम में 11 दिनों तक चले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का सोमवार को समापन हो गया। भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी दिन छह मेडल अपनी झोली में डाले, जिसमें चार गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन ने सिंगल मुकाबले में जबकि सात्विक साइराज रेंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने डबल्स में स्वर्ण जीता। टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल और साथियान ज्ञानशेखर को पुरुष एकल स्पर्धा में क्रमश: स्वर्ण और कांस्य मिला। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सिल्वर जीता।

भारत को बर्मिंघम में मिले 61 मेडल

बर्मिंघम में भारतीय दल ने कुल 61 मेडल अपने खाते में डाले। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारत ने 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। भारत ने सबसे अधिक पदक कुश्ती और वेटलिफ्टिंग की अलग-अलग कैटगरी में हासिल किए। भारत ने कुश्ती में 12 और वेटलिफ्टिंग में 10 मेडल अपने नाम किए। ऑस्ट्रेलिया ने 178 मेडल जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। उसे 67 स्वर्ण, 57 रचत और 57 कांस्य मिले। इंग्लैंड (176) दूसरे और कनाडा (92) तीसरे नंबर पर रहा।

बर्मिंघम में रह गई ये बड़ी कसक

बर्मिंघम में भारत ने पदकों के मामले में कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के अपने रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाया। भारत ने गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 66 मेडल हासिल किए थे और तीसरे स्थान पर रहा था। बर्मिंघम में भारत को न सिर्फ पांच मेडल बल्कि पदक तालिका में एक पायदन का भी नुकसान हुआ। हालांकि, भारत, बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास का अपना 200वां गोल्ड जीतने में कामयाब रहा। 200वां गोल्ड सिंधू ने दिलाया। पीवी सिंधु ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में गोल्ड जीतने से पहले पिछले संस्करणों में रजत और कांस्य पदक जीते थे। देश के अब कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 203 स्वर्ण पदक हो गए हैं। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे ज्यादा पदक साल 2010 में हासिल किए थे। भारतीय दल ने तब नई दिल्ली में आयोजित हुए गेम्स में 101 मेडल जीते थे।

भारतीय स्वर्ण पदक विजेताओं की सूची:

अचिंता शेउली (भारोत्तोलन) : स्वर्ण

जेरेमी लालरिनुंगा (भारोत्तोलन) : स्वर्ण
मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) : स्वर्ण
रूपा रानी टिर्की, लवली चौबे, नयनमोनी सैकिया , पिंकी सिंह (लॉन बॉल्स) : स्वर्ण
बजरंग पूनिया (कुश्ती) : स्वर्ण
साक्षी मलिक (कुश्ती) : स्वर्ण
दीपक पूनिया (कुश्ती) : स्वर्ण
रवि कुमार दहिया (कुश्ती) : स्वर्ण
विनेश फोगाट (कुश्ती): स्वर्ण
नवीन मलिक (कुश्ती) : स्वर्ण
निकहत जरीन (मुक्केबाजी) : स्वर्ण
अमित पंघाल (मुक्केबाजी) : स्वर्ण
नीतू गंघास (मुक्केबाजी) : स्वर्ण
सुधीर (पावर लिफ्टिंग) : स्वर्ण
पीवी सिंधू (बैडमिंटन) : स्वर्ण
लक्ष्य सेन (बैडमिंटन) : स्वर्ण
चिराग शेट्टी . सात्विक साइराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन) : स्वर्ण
अचंता शरत कमल (टेबल टेनिस) : स्वर्ण
शरत कमल-श्रीजा अकुला (टेबल टेनिस) : स्वर्ण
हरमीत देसाई , सानिया शेट्टी, शरत कमल, जी साथियान (टेबल टेनिस) : स्वर्ण
भाविना पटेल (पैरा टेबल टेनिस) : स्वर्ण
एल्डोस पॉल (त्रिकूद) : स्वर्ण

ये भी पढ़ें : Commonwealth Games 2022: निखत जरीन ने भारत को दिलाया 17वां गोल्ड मेडल

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *