देवरिया : इस समय सावन का महीना चल रहा है। सावन का पहला सोमवार आज है। सावन में सोमवार के दिन का खास महत्व होता है। इसके साथ ही सावन में शिवरात्रि है। ऐसे में भगवान शिव के भक्तों के लिए आज का दिन बेहद खास है। इस दिन शिव मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। वैसे तो बहुत से लोग सावन में पूरे महीने भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं बिल्वपत्र चढ़ाते, चंदन लगाते हैं, धतूरा, भांग और दूध भी चढ़ाते हैं। कुछ लोक सावन सोमवार का व्रत भी रखते हैं। इस दिन क्या करें।
सुबह जल्दी उठकर नित्यकर्म से निवृत्त होकर स्नान करें। घर में गंगाजल का छिड़काव कर पूजा स्थान को पवित्र करें। इसके बाद बिल्वपत्र, चंदन, पुष्प और अक्षत आदि के साथ गौरी-महादेव की पूजा करें। पास के शिव मंदिर में जाकर शिवलिंग पर रुद्राभिषेक करें। इसके साथ पूरे दिन मंत्र का जाप करते हुए भगवान शिव का स्मरण करते रहें। शाम को भी स्नान करने के बाद भगवान शिव व माता पार्वती की आरती करें। इसके बाद भगवान को भोग लगाने के बाद कुछ प्रसाद ग्रहण करें।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अलग-अगल प्रकार के सुख पाने के लिए भगवान शिव की उपासना-पूजा भी अलग-अलग ढंग से की जाती है। जैसे-उत्तम वर की प्राप्ति के लिए लड़कियां सावन सोमवार का व्रत करती हैं। इसी प्रकार से अन्य मनोकामनाओं के लिए कई उपाय बताए जाते हैं।
भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए करें ये उपाय
संतान सुख की प्राप्ति के लिए महादेव का दूध से अभिषेक करें । शिव भक्ति के लिए गंगाजल से अभिषेक करना चाहिए। उत्तम वर की प्राप्ति के लिए श्रावण के प्रत्येक सोमवार का व्रत रखें। आरोग्य सुख एवं व्याधियों से निवृत्ति को श्रीमहामृत्युंजय मंत्र का जप करना चाहिए। आर्थिक समृद्धि के लिए शिवस्तोत्र का पाठ और गन्ने के रस से अभिषेक करना चाहिए।
सावन महीने के प्रमुख व्रत-पर्व:
25 जुलाई 2022 को प्रदोष,
26 जुलाई 2022 को मास शिवरात्रि,
28 जुलाई 2022 को हरियाली अमावस्या,
31 जुलाई 2022 को हरियाली तीज,
2 अगस्त 2022 को नागपंचमी
12 अगस्त 2022 को रक्षाबंधन।
आपको बता दें कि सावन महीना इस साल 14 जुलाई दिन गुरुवार से शुरू हुआ है और 13 अगस्त 2022 तक रहेगा। इस दौरान नाग पंचमी, हरियाली तीज और रक्षाबंधन जैसे कई प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे।