देवरिया न्यूज़

: :

देश के इन राज्यों में जल प्रलय जैसी स्थिति ने केदारनाथ त्रासदी की दिलाई याद, देखिए हाल

देवरिया।देश के कुछ राज्यों में जैसे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से हालात खराब हो गए हैं। मैदानी इलाके के राज्यों में जहां सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर गया है, वहीं पहाड़ी इलाकों में जल सैलाब गांव के गांव अपने साथ बहा ले जा रहा है। सोशल मीडिया पर रोज बाढ़ के डरावने वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। बारिश से पहाड़ी राज्यखासकर हिमाचल प्रदेश की हालत बेहद खराब है। तबाही का मंजर केदारनाथ त्रासदी की याद दिला रहा है।


हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही

हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते सबसे ज्यादा तबाही हुई है। प्रदेश में हुई भारी से अति भारी बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटना हुई और अचानक से बहुत ज्यादा मात्रा पानी आने से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हो गए। कई जगहों पर सड़कें, वाहन और घर पानी में खिलौनों की तरह बहते हुए नजर आए। प्रदेश में हालात इतने खराब हैं कि सभी स्कूल और कॉलेजों को 2 दिनों के लिए बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे समेत कई सड़कें पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। जिलों में सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू का काम जारी है। प्रदेश की प्रमुख सभी नदियां रावी,व्यास, सतलज, स्वान और चिनाब खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के चलते की लोगों की जान चली गई है। मौतों का आंकड़ा अभी साफ नहीं हुआ है।

पंजाब में बारिश के चलते रेलवे ट्रैक उखड़ा
पंजाब में भी बारिश की वजह से जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश के चलते शहीद भगत सिंह अतंर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से पांच उड़ानों को रद्द करना पड़ा। पंजाब के कई जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रोपड़-नंगल रेलवे ट्रैक भारी बारिश के चलते उखड़ गया जिसके चलते कई ट्रेनों को भी कैंसिल करन पड़ा। राज्य में नदी के किनारे बसे लोगों को अलर्ट पर रखा गया है। बारिश के चलते कई नदी नाले उफान पर हैं वहीं निचले इलाकों की सड़कें और मकान जल मग्न हो चुके हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने खुद प्रभावित इलाकों मे जाकर दौरा किया साथ ही सभी मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में जाकर प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। पंजाब में एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट पर रखा गया है साथ ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को खाने के पैकेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में मंत्री आवास में भी जलभराव
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी तो भर ही रहा है। शहर के सबसे वीआई इलाके लुटियंस जोन के कई सरकारी बंगलों में भी अंदर तक पानी भर गया है।एनसीआर में कई जगहों पर सड़कें ही बह गई हैं। जल भराव के चलते कई ट्रेनें कैंसिल हैं। पड़ोस के राज्यों में भी हो रही बारिश और बांधों से छोड़े जाने वाले पानी के कारण यमुना का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। युमाना के किनारे बसे गांवों और कॉलोनियों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। ऐहतियातन राज्य सरकार ने स्कूलों को अभी 2 दिन और बंद रखने के निर्देश दिए हैं।


हरियाणा में भी हाल बेहाल
लंबे इंतजार के बाद हरियाणा पहुंची बारिश ने अब वहां के हालात बिगाड़ दिए हैं। राज्य के 16 जिले अलर्ट पर हैं। अंबाला शहर में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। हाइवे किनारे लगे खेतों में भरा पानी सड़कों पर आ गया है। चंडीगढ़ और पंजाब के ओर जाने वाले कई हाइवे बंद कर दिए गए हैं और कई हाइवे के रूट डायवर्ट किए गए हैं। पंजाब में कुल 150 सड़कें और छोटे-बड़े मिलाकर 10 पुल बारिश की वजह से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *