देवरिया: रामायण सीरियल की लोकप्रियता आज भी कम नहीं हुई है। साल 1987 में जब पहली बार रामायण का प्रसारण दूरदर्शन पर हुआ तो लोग दीवाने हो गए थे। जिस वक्त रामायण का प्रसारण होता था, सड़कें सूनी हो जाती थी। हर रविवार सुबह जिनके घरों में टीवी नहीं होता था, वो आस-पास, पड़ोस में जहां होता, वहां पहुंच जाते थे लेकिन एक भी एपिसोड मिस नहीं करते थे। जितनी लोकप्रियता इस सीरियल की थी, उतनी ही पात्रों की भी। राम, सीता और लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले लोगों के लिए भगवान से कम नहीं थे। आज भी यही आलम है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ऐसा ही वीडियो आपको भावविभोर कर देगा।

अरुण गोविल को देखकर रोने लगी महिला, किया प्रणाम
इस धारावाहिक में भगवान राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था। माता सीता के किरदार में दीपिका चिखालिया और लक्ष्मण की भूमिका में सुनील लहरी थे। लोग इन्हें ही भगवान का रूप मानकर पूजने लगे थे। जहां भी ये लोगों को नजर आते, अलग ही भाव देखने को मिलता। श्री राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल के साथ हाल ही में ऐसा हुआ। वे संभाजीनगर एयरपोर्ट पर थे, इसी दौरान एक महिला उनके पास आईं और पैरों पर सिर रखकर प्रणाम किया। इतना ही नहीं उनकी आंखों से आंसू भी निकलने लगे। अरुण गोविल ने महिला के साथ आए पुरुष से कहा कि वे उन्हें हटाएं। फिर उन्होंने दोनों के साथ फोटो भी क्लिक कराई।

रामायण ने तोड़े लोकप्रियता और टीआरपी के रिकॉर्ड्स
कोरोना महामारी के दौरान एक बार फिर जब रामायण का प्रसारण हुआ तो लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड टूट गए थे। सिर्फ लोकप्रियता ही नहीं बल्कि टीआरपी के मामले में भी शो ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। डीडी नेशलन के सीईओ शशि शेखर ने ट्वीट करके बताया था कि रामायण साल 2015 से अब तक का सबसे अधिक टीआरपी जनरेट करने वाला हिन्दी एंटरटेनमेंट शो है। ये वीडियो देखकर ऐसा ही लगता है जैसे भारतीय जनमानस में राम, लक्ष्मण और सीता का किरदार निभाने वाले इन एक्टर्स को लोग उन्हीं के रूप में देखते आए हैं और आज भी देखते हैं।