देवरिया। उत्तर प्रदेश में लू के थपेड़ों से अब कुछ राहत मिलती नजर आ रही है। प्रदेश में 21 जून को सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। कुछ स्थानों पर मंगलवार से ही बारिश शुरू हो गई थी। लू के कहर और गर्मी की वजह से बढ़ती मौतों की संख्या के बीच बरसात से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने दी अच्छी खबर
मौसम विभाग ने कहा है प्रदेश में फिलहाल कुछ दिनों तक ऐसी बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है आने वाले दो दिनों में मानसून का भी उत्तर प्रदेश में प्रवेश हो सकता है।
प्रदेश के इन जगहों पर हुई बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार झांसी में 25 मिमी बारिश हुई जो कि प्रदेश में सबसे ज्यादा रही इसके बाद हरदोई में 23 मिमी, उरई में 20.2 , खीरी में 10.2, इटावा में 8 और कानपुर में 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मानसून के लिए अनुकूल परिस्थिति
मौसम विभाग का कहना है कि यह बीजरपॉय तूफान का असर है। तूफान की वजह से अरब सागर से उठने वाली हवाओं का रुख मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। इन चक्रवाती हवाओं का असर अब बिहार और बिहार से सटे उत्तर प्रदेश में है। सौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम की जिस तरह की स्थिति अभी बनी हुई है वो मानसून के लिए अनुकूल है और मौसम ऐसा ही रहा तो जल्द ही मानसून प्रदेश पहुंचेगा।