देवरिया: उत्तर प्रदेश के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित हो गए हैं। उम्मीदवार अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर देख सकते हैं। परिणाम यूपी बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज से जारी किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए टॉपर्स के सम्मान की घोषणा की है।
हाईस्कूल की टॉपर प्रियांशी
हाईस्कूल का रिजल्ट 89.78 फीसदी रहा। हाईस्कूल में सीतापुर की प्रियांशी सोनी ने टॉप किया है। 10वीं में 86.64% लड़के और 93.34% लड़कियां पास हुई हैं।

इंटर के टॉपर शुभ
इंटर का परिणाम 75.52 प्रतिशत रहा। इंटर के स्टेट टॉपर शुभ छाबरा बने हैं। 12वीं में 69.37% से अधिक लड़के और 83% से अधिक लड़कियां पास हुई हैं।

उम्मीदवार परिणाम को चेक करने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें-
• सबसे पहले यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जाएं।
• इसके बाद 10वीं अथवा 12वीं कक्षा के परिणाम से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
• अब आप एक नए पेज पर आ जाएंगे।
• मांगी जा रही जानकारी जैसे-अपना रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ को दर्ज कर के सबमिट करें।
• अब आपका परिणाम आपकी स्क्रीन पर दिखने लगेगा।
• जरूरत हो तो डाउनलोड कर निकलवा लें।
यूपी बोर्ड ने तोड़ा रिकॉर्ड
अप्रैल में परिणाम जारी कर उत्तर प्रदेश बोर्ड ने अपना रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच दिया है। बीते सालों पर गौर करें तो वर्ष 2019 में 27 अप्रैल को दोनों कक्षाओं का नतीजा जारी किया गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा ‘माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों व गुरुजनों को हृदय से बधाई! आप सभी ‘नए उत्तर प्रदेश’ के स्वर्णिम भविष्य के आधार स्तंभ हैं। माँ सरस्वती की कृपा से आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, यही कामना है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर तथा जनपद स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जनपद स्तर पर राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।‘