देवरिया। केरल के ट्रांस कपल ने बच्चे को जन्म दिया है। कोझिकोकड के ट्रांसजेंडर कपल जाहद फाजिल और जिया पावल ने सोशल मीडिया पर माता-पिता बनने की खबर शेयर की। ट्रांस कपल में से जाहद फाजिल ट्रांस मेन हैं जो लड़की से लड़का बने हैं और जिया पावल ट्रांस वुमन हैं जो लड़का से लड़की बनें हैं। ऐसा दावा किया जा रहा है कि ये कपल भारत के पहले ट्रांस कपल हैं, जिन्होंने बच्चे को जन्म दिया है।

ट्रांस मेल की कोख में पला बच्चा
ट्रांस कपल में से ट्रांस मेल जाहद ने बच्चे को नौ महीने कैरी किया और फिर सिजेरियन डिलिवरी के जरिए बच्चे को जन्म दिया। दरअसल जेंडर चेंज की सर्जरी के दौरान जाहद के गर्भाशय के कुछ अंग नहीं हटाए गए थे जिसके चलते उन्होंने नेचुरली कंसीव कर लिया और बच्चे को जन्म भी दिया। फिलहाल बच्चा और जाहद दोनों स्वस्थ हैं। जाहद और जिया की जेंडर जेंच के लिए हार्मोन थेरेपी चल रही है, जिसे बच्चे के जन्म तक के लिए रोका गया था।

तस्वीरें हुई थी वायरल, लोगों ने किया था ट्रोल
ट्रांस कपल ने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी की खबर शेयर कर कुछ तस्वीरें डाली थीं, जिसमें जाहद बेबी बंप दिखाते हुए नजर आए थे। फोटो वायरल होते ही कुछ लोगों ने कपल के लिए निगेटिव कमेंट किए और कुछ ने कपल को बधाई दी थी। बच्चे के जन्म के बाद भी जिया पावल ने कुछ तस्वीरें शेयर की है, जिसमें बच्चे का केवल हाथ नजर आ रहा है। कपल ने बच्चे का जेंडर रिवील नहीं किया है।
पहले बच्चा गोद लेना चाहता था कपल
जाहद और जिया पिछले 3 सालों से एक दूसरे के साथ हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने बच्चा गोद लेने का प्लान बनाया था और उसके लिए कानूनी जानकारों से बात की। कानून के मुताबिक एक ट्रांस कपल को बच्चा गोद लेने के लिए बहुत से कानूनी दांव-पेंचों से गुजरना पड़ता जो जाहद और जिया के लिए मुश्किल साबित हो रहा था। तब उन्होंने अपने डॉक्टर से बात कर नेचुरली कंसीव करने का प्लान बनाया था।