देवरिया : गुजरात के राजकोट में शनिवार को खेले गए तीन टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से कहर बरपा दिया। उन्होंने अपना 360 डिग्री वाली आक्रामक रुख दिखाते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय टी-20 में अपना तीसरा शतक जड़ दिया। साल 2021 में अपने अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर का आगाज करने वाले सूर्या ने करियर के 45वें मैच की 43वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए तीसरा शतक जड़ा और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
सूर्यकुमार 51 गेंद में नाबाद 112 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 9 छक्के जड़े। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 रन के आसपास रहा। उनकी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम निर्णायक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 228/5 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा शतक
सूर्यकुमार यादव अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में रोहित शर्मा के बाद साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। रोहित के नाम सबसे ज्यादा 4 शतक दर्ज हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवल, न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो और चेक रिपब्लिक के बल्लेबाज सबावून डिवीजी के नाम 3-3 शतक दर्ज हैं।
सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने राजकोट में श्रीलंका के खिलाफ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। वो अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ग्लेन मैक्सवेल, रिले रूसो, डेविड मिलर, ग्लेन फिलिप्स और केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया है। इन सभी ने मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए 2-2 शतक अंतरराष्ट्रीय टी-20 में जड़े हैं।
राहुल को पीछे छोड़ा
सूर्यकुमार यादव ने अपनी 112 रन की शतकीय पारी में 9 छक्के जड़े लेकिन भारत के लिए एक टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रोहित ने 10 छक्के लगाए हैं। सूर्या, रोहित को तो पीछे नहीं छोड़ पाए लेकिन उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़कर दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया। राहुल ने एक पारी में 8 छक्के जड़े हैं।