देवरिया : भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें शनिवार 7 जनवरी को आमने-सामने होंगी। भारत ने मुंबई में पहला टी-20 अपने नाम किया था। वहीं, पुणे में श्रीलंका ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। अब राजकोट में जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक एक भी सीरीज नहीं हारी है। उसने आयरलैंड और न्यूजीलैंड को हराया है। अब हार्दिक श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मुकाबले को अपने नाम कर सीरीज जीत की हैट्रिक लगाने उतरेंगे। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर एक भी टी-20 सीरीज नहीं हारी है। इस दौरान पांच में से चार सीरीज में टीम इंडिया जीती है। वहीं, एक सीरीज ड्रॉ रही थी।
राजकोट में टीम इंडिया का प्रदर्शन?
राजकोट के इस मैदान पर टीम इंडिया के प्रदर्शन को देखें तो वह चार टी-20 मैच यहां खेली है। उसने 2013 में ऑस्ट्रेलिया, 2019 में बांग्लादेश और 2022 में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी। इस तरह टीम इंडिया के पास इस मैदान पर हैट्रिक जीत हासिल करने का मौका होगा।
भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
बता दें कि राजकोट में भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाए हैं। उन्होंने यहां तीन इंटरनेशनल मैचों में 98 रन बनाए हैं। इस मामले में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने दो मैचों में 94 रन बनाए हैं। रोहित और कोहली ने यहां एक-एक अर्धशतक लगाया है। युवराज सिंह 77 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। जबकि महेंद्र सिंह धोनी पांचवें नंबर पर हैं। धोनी ने 73 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें : आखिरकार ऋषभ पंत से मिलने पहुंच ही गयी उर्वशी रौतेला, शेयर की हॉस्पीटल की फोटो



