बेंगलुरु। कर्नाटक के कांग्रेस राज शुरू हो गया है। नए मुख्यमंत्री के रूप मेंसिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री के रूप में डी.के. शिवकुमारने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनके साथ डॉ. जी. परमेश्वर, के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज और एम.बी. पाटिल ने नव-निर्वाचित कर्नाटक सरकार में कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली।
राजधानी के श्री कांतीरवा स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, मक्कल नीडि माईम के प्रमुख कमल हसन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हुए।
हमने नफरत को मिटाया, मोहब्बत जीती: राहुल गांधी
शपथ ग्रहण के बाद राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित किया। राहुल ने कहा “कर्नाटक की जनता को मैं दिल से और कांग्रेस पार्टी की ओर से धन्यवाद करता हूं। आपने पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया।हमने यात्रा में कहा था नफरत को मिटाया और मोहब्बत जीती। नफरत के बाज़ार में कर्नाटक ने लाखों मोहब्बत की दुकानें खोली हैं। नई सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक में हमारे जो पांच वादे हैं, वे कानून बन जाएंगे। हम जो कहते हैं हम कर दिखाते हैं।“