देवरिया। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में सोमवार हुए एक सड़क हादसे में महंत कनक बिहारी महाराज का देहांत हो गया। कनक महाराज ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए दान किए थे। यह हादसा प्रयागराज से छिंदवाड़ा जाते वक्त हुआ। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से 2 लोगों की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे में कनक महाराज की मृत्यु से रघुवंशी समाज और कनक महाराज को मानने वाले शोक में डूब गए हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर शोक जताया है।
कनक महाराज के एक शिष्य की भी मौत
हादसा उस वक्त हुआ जब कनक महाराज अपनी गाड़ी से अपने एक शिष्य के साथ छिंदवाड़ा की ओर जा रहे थे। सगरी गांव के पास उनकी कार के समाने एक बाइक सवार आ गया जिसे बचाते हुए गाड़ी अनियंत्रित हुई और पलट गई। हादसे में कनक महाराज के साथ उनके एक शिष्य विश्राम रघुवंशी की भी मृत्यु हो गई, जबकि ड्राइवर रूपलाल गंभीर रूपसे घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए नरसिंहपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है।
राम मंदिर निर्माण में दिए थे 1 करोड़ का दान
कनक बिहारी महाराज ने 2021 में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए दान में दिए थे। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को 1 करोड़ का चेक सौंपा था। कनक महाराज को यज्ञ सम्राट के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने अयोध्या में साल 2024 में 9009 कुंडीय महायज्ञ कराने का भी संकल्प लिया था।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दी श्रद्धांजलि
कनक महाराज के निधन पर सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट कर उन्हे श्रद्धांजलि दी । उन्होंने ट्वीट किया “नरसिंहपुर जिले के बरमान में हुए सड़क हादसे दुर्घटना में रघुवंश शिरोमणि श्री श्री 1008 संत श्री कनक बिहारी दास जी महाराज के देवलोक गमन से धर्म और आध्यात्म जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। भगवान श्री राम से दिव्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति”।