देवरिया। महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत में होने में अब बस कुछ दिन बचे हैं। 4 मार्च को होने वाले पहले मैच में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस आमने सामने होंगी। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम की जर्सी शनिवार को लॉन्च की। जर्सी का अनावरण करते हुए मुंबई इंडियंस ने ट्वीटर पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में मुंबई इंडियंस की महिला खिलाड़ी नई जर्सी के साथ प्रैक्टिस करती नजर आ रही हैं। इस जर्सी को प्रख्यात फैशन डिजाइनर मोनिशा जयसिंह ने डिजाइन किया है।
मुंबई इंडियंस की जर्सी पुरुष टीम की तरह ही नजर आ रही है। जर्सी हलके नीले रंग की है, जिस पर साइड में डार्क करेंगे रंग की धारी है। जर्सी को पहले सत्र से पहले शनिवार को लॉन्च किया गया है। महिला प्रीमियर लीग के लिए मुंबई इंडियंस की कोचिंग टीम में चार्लोट एडवर्डस (मुख्य कोच), झूलन गोस्वामी (टीम मेंटर और गेंदबाजी कोच), देविका पल्शिकर (बल्लेबाजी कोच) और लीडिया ग्रीनवे (फील्डिंग कोच), शामिल हैं जबकि तृप्ति चंदगडकर भट्टाचार्य टीम मैनेजर हैं।
लीग को ध्यान में रखते हुए मुंबई इंडियंस की महिला टीम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। टीम ने अभ्यास शुरू कर दिया है, हालांकि हरमनप्रीत कौर समेत कई खिलाड़ी अभी अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हो सके हैं, क्योंकि वह दक्षिण अफ्रीका में वर्ल्डकप खेल रही थी। अन्य खिलाड़ी भी 1 से 2 दिन में टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
महिला प्रीमियर लीग का पहला संस्करण 04 से 26 मार्च तक मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम और डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले संस्करण में 22 मैच होंगे। मुम्बई का पहला मुकाबला चार मार्च को नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में गुजरात जायंट्स से होगा। मुंबई इंडियंस ने इंग्लैंड की बल्लेबाज नट साइवर-ब्रंट को टीम में सबसे महंगी खिलाड़ी के रूप में 3.20 करोड़ में खरीदा है। जबकि भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर 1.80 करोड़ की बोली के साथ टीम से जोड़ा है।
मुंबई इंडियंस
हरमनप्रीत कौर, नट साइवर-ब्रंट, अमेलिया केर, पूजा वस्त्राकर, यस्तिका भाटिया, हीथर ग्राहम, इस्सी वोंग, अमनजोत कौर, धारा गुज्जर, शाइका इशाक, हेले मैथ्यूज, क्लो ट्राईटन, हुमायरा काजी, प्रियंका बाला, सोनम यादव, जिंतमणि कलिता, नीलम बिष्ट।