देवरिया।मानसून इस बार केरल के साथ-साथ देश के बाकी हिस्सों में भी देर से पहुंचा है लेकिन उत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों में समय से पहले ही दस्तक दे दी है। देश के कुछ राज्यों जैसे कि गुजरात, राजस्थान और पंजाब के अलावा सभी राज्यों में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। एक सप्ताह पहले ही मानसून की धीमी रफ्तार देखकर मौसम वैज्ञनिकों ने भी चिंता जताई थी। इस बार के मानसून की खास बात यह भी है कि इस बार दिल्ली और मुंबई दोनों जगह एक साथ पहुंचा है।
62 सालों बाद दोबारा बना ये संयोग
दिल्ली और मुंबई में इस बार रविवार को एकसाथ मानसून ने दस्तक दी। ऐसा पहली बार 1961 में हुआ था, जब इन दोनों शहरों में मानसून एक साथ आया हो। मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस साल मुंबई में मानसून को पहुंचने में 2 हफ्ते की देरी हो गई। जबकि दिल्ली में अपने तय समय से 2 दिन पहले ही पहुंच गया है।
देशभर में कहां-कहां पहुंचा मानसून
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मानसून देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में पहुंच गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से मुंबई के साथ-साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मानसूनी बारिश हो रही है। दिल्ली में अधिकतम पांच सेमी. बारिश दर्ज की गई है। जिन राज्यों में मानसून पहुंच चुका है, वहां आने वाले 3 से 4 दिनों तक लगातार बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में आने वाले 10 दिनों तक होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले 10 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश होने का अनुमान लगाया है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जताई गई है। वहीं 10 जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। बरेली, बिजनौर, मैनपुरी, .मुरादाबाद , रामपुर , फिरोजाबाद, इटावा, जालौन और औरैया में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।