देवरिया : चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों आईपीएल-2023 की तैयारियों में जुटे हैं। यह धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है, लेकिन इस बीच धोनी की मस्ती जारी है। सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें धोनी टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी और हार्दिक पंड्या का यह वीडियो दुबई का बताया जा रहा है, जो एक बर्थडे पार्टी का है। यहां बॉलीवुड रैपर बादशाह अपने फेमस गाने ‘काला चश्मा’ पर रैप करते नजर आ रहे हैं, जिनके साथ महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या और ईशान किशन समेत अन्य कई लोग थिरक रहे हैं।
हार्दिक पांड्या हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में कप्तानी करके लौट रहे हैं, वहां उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से सीरीज अपने नाम की थी। हार्दिक अभी वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं और दुबई में छुट्टियां मना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इस पार्टी के कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें एमएस धोनी, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या समेत अन्य प्लेयर्स डांस कर रहे हैं. फैन्स ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी का यह अंदाज पहली बार ही देखा है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके एमएस धोनी अब फैन्स को आईपीएल 2023 में दिखाई देंगे। दिसंबर में आईपीएल 2023 को लेकर ऑक्शन होना है, जबकि मार्च-अप्रैल में आईपीएल हो सकता है। इस बात का कयास लगाया जा रहा है कि बतौर प्लेयर यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल हो सकता है। धोनी पहले ही कह चुके हैं कि वह आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में ही खेलेंगे।