देवरिया । पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को भारत में बैन कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, भारत सरकार की कानूनी मांग पर ट्विटर ने पाकिस्तान सरकार के अकाउंट पर एक्शन लिया है। पाकिस्तान सरकार का ट्विटर हैंडल @GovtofPakistan नाम से है। अब इस अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद भारत के लोग इस अकाउंट को नहीं देख सकेंगे।
ऐसा पहली बार नहीं है कि भारत में पाकिस्तान सरकार का ट्विटर अकाउंट ब्लॉक किया गया है, इससे पहले भी कई बार इस पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को भारत में बैन किया जा चुका है। इससे पहले अक्टूबर 2022 में पाकिस्तान सरकार के ट्विटर अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया था।
हाल के महीनों में कथित तौर पर यह इस तरह की दूसरी घटना है। इस खाते को पहले जुलाई 2022 में भी रोक दिया गया था, लेकिन इसे फिर से सक्रिय कर दिया गया था। ट्विटर के दिशानिर्देशों के अनुसार, माइक्रोब्लॉगिंग साइट अदालत के आदेश जैसी वैध कानूनी मांग के जवाब में इस तरह की कार्रवाई करती है।
बीते साल जून महीने में ट्विटर ने भारत में संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान दूतावास, तुर्की, ईरान और इजिप्ट के आधिकारिक अकाउंट को बैन किया था। अगस्त में भारत ने एंटी इंडिया कंटेंट और फेक न्यूज फैलाने वाले छह यूट्यूब चैनलों पर बैन लगाया था, जिनमें से एक पाकिस्तान से चल रहा था।