देवरिया न्यूज़

: :

लखनऊ: बारिश से बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दु:ख

देवरिया: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। शहर की दिलकुशा कॉलोनी में भारी बारिश की वजह से दीवार गिरने से 9 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी मजदूर झांसी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी काम के लिए लखनऊ आए थे और दीवार के पास ही टेंट लगाकर रह रहे थे। एसडीएम अजीत जायसवाल ने बताया कि घटना शुक्रवार रात तीन बजे की है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दु:ख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दु:ख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है और मृतकों के परिवार के प्रति अपने संवेदना व्यक्त की है। घायलों को 2-2 लाख रुपए मदद की घोषणा करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को उनका सही इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।

झांसी से मजदूरी करने आए थे मजदूर

बताया जा रहा है मृतक मजदूर झांसी और उसके आसपास के रहने वाले हैं। दिलकुश कॉलोनी में काफी दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। सभी मजदूर इसी में मजदूरी करने के लिए लखनऊ आए हुए थे। हादसे के वक्त मजदूर अपने परिवार के साथ आराम कर रहे थे। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

बारिश से बेहाल राजधानी
बारिश ने राजधानी का जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। घरों में पानी घुसने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात को देखते हुए सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मंडल आयुक्त डॉक्टर रोशन जैकब ने हालात का जायजा लिया। वे निरीक्षण के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज, जानकीपुरम और रिवरफ्रंट कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों में पहुंची।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *