देवरिया।14 जुलाई को भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में नया कीर्तिमान रचने की ओर अपने कदम बढ़ा दिए हैं। भारत के वैज्ञानिकों ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण किया। चंद्रयान-2 के अंतिम पड़ाव में पहुंचने के बाद असफल हो जाने से अब चंद्रयान-3 को सफल बनाने के लिए पूरा देश प्रार्थना कर रहा है। वाराणसी में भी चंद्रयान-3 मिशन की संपूर्ण सफलता और चंद्रमा पर सुरक्षित लैंडिग की प्रार्थना गंगा मैया से की गई।
दशाश्वमेध घाट पर हुई भव्य गंगा आरती
गंगा घाट पर गंगा मैया की आरती रोज ही होती है लेकिन चंद्रयान की लॉन्चिंग के बाद उसकी सफलता के लिए खास आरती की गई और मिशन के पूरे होने की प्रार्थना गंगा मैया से की गई। घाट पर ही दीपक जलाकर चंद्रयान-3 लिखा गया था, साथ ही आरती में शामिल हए लोग आरती के वक्त, हाथ में चंद्रयान-3 के पोस्टर लिए खड़े दिखे।
काशीविश्वनाथ से भी की प्रार्थना
गंगा आरती से पहले भी श्रद्धालु दिनभर काशीविश्वनाथ के मंदिर में चंद्रयान-3 के पोस्टर लेकर पूजा करते नजर आए। सभी ने बाबा से मिशन की कामयाबी के लिए प्रार्थना की। बंगाली समाज के लोगों ने भी गंगा मैया में मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की और बंगाली परंपराओं के अनुसार गंगा मैया का 101 लीटर दूध से अभिषेक किया। पांडेय घाट पर भी गंगा मैया की पूजा हुई। घाट पर मिशन के सफल होने के लिए एक हजार एक दीये जलाए गए थे।