देवरिया : इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर कई रिकॉर्ड्स तोड़े। उन्होंने ब्रिस्बेन के मैदान पर 47 गेंदों में सात चौके और दो छक्के की मदद से 73 रन बनाए। बटलर और एलेक्स हेल्स (52) की पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 179 रन बनाए।
इस दौरान जोस बटलर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने टी-20 करियर का 100वां मैच खेला और संयोगवश इस मुकाबले में अनोखा शतक जमाया। जोस बटलर दुनिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी-20 इंटरनेशनल करियर में 100 या ज्यादा छक्के जमाए हैं। बटलर इस उपलब्धि को हासिल करने वाले एकमात्र विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम 91 छक्के के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन 83 छक्के के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक 77 छक्के के साथ लिस्ट में चौथे स्थान पर जमे हुए हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद 75 छक्के के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले विकेटकीपर
- 103* -जोस बटलर
- 91 – ब्रेंडन मैकुलम
- 83 – निकोलस पूरन
- 77 – क्विंटन डी कॉक
- 75 – मोहम्मद शहजाद
इसके अलावा जोस बटलर ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन को इस लिस्ट में पीछे छोड़ दिया है। बटलर के अब 2468 रन हैं। इयोन मोर्गन इस लिस्ट में 2458 रन के साथ दूसरे स्थान पर जमे हुए हैं। इंग्लैंड के ओपनर एलेक्स हेल्स 1940 रन के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर जमे हुए हैं। डेविड मलान ने 1748 रन बनाए और वो चौथे स्थान पर हैं।
इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 2468 – जोस बटलर
- 2458 – इयोन मोर्गन
- 1940 – एलेक्स हेल्स
- 1748 – डेविड मलान
- 1522 – जेसन रॉय
बता दें कि जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 20 रन से मात दी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 179 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी।