देवरिया : पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। सर्द हवाओं के कारण कपकपी बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित देश के पांच राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही आने वाले दिनों में शीतलहर से राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार की सुबह भी शीतलहर और घने कोहरे के बीच हुई। सप्ताह का पहला दिन होने के कारण लोग सड़कों पर वाहन नजर आए पर इनकी संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रही। घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य रही।
विजिविलिटी बहुत कम
घने कोहरे की वजह से विजिविलिटी बहुत कम हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों और उपलब्ध दृश्यता डेटा के अनुसार कोहरे की परत पंजाब और उससे सटे उत्तर-पश्चिम राजस्थान से हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत बिहार तक फैली हुई है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में विजिविलिटी जीरो (0) मीटर, लखनऊ (अमौसी) 0 मीटर, वाराणसी (बाबतपुर) 25 मीटर, बरेली में 50 मीटर, बहराइच में विजिविलिटी 50 मीटर, प्रयागराज में भी 50 मीटर पर दर्ज की गई. बिहार के भागलपुर में 25 मीटर, पूर्णिया और गया में 50-50 मीटर, पटना में 50 मीटर, उत्तर पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर में 25 मीटर दर्ज की गयी है।
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश में आने वाले दो से तीन दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी दी है। इस दौरान इन राज्यों में कई जगहों पर विजिविलिटी जीरो मीटर हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गंगा के मैदानी इलाकों में सतह के निकट हल्की हवाओं और उच्च नमी की वजह से अगले तीन दिन कोहरा बेहद घना होगा। इसके चलते जिसके चलते मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।
इन राज्यों में ठंड का रेड अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में रविवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में इससे भी अधिक ठंड रही। यहां 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मिल सकती है राहत: मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी से शीत लहर में कमी आएगी। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 जनवरी की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इसलिए 10 जनवरी की रात से घने कोहरे और शीतलहर की ये सभी स्थितियां समाप्त हो जाएगी।
यहां रेड अलर्ट
रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, रामपुर, बरेली, बुलंदशहर, उन्नाव और कानपुर नगर में सोमवार सुबह लोगों को घने कोहरे और शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे लोगों को ठंड से बचने और सावधान रहने की सलाह दी गई है।
यहां सबसे कम तापमान
अयोध्या 3.0
कानपुर 3.2
हमीरपुर 3.2
प्रयागराज 3.2
आगरा 3.4
वाराणसी 3.8