देवरिया न्यूज़

: :

Weather Forecast: हो जाइए सावधान, पारा हुआ 40 के पार, बिहार सहित इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी

देवरिया । देश के अधिकतर भागों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। इस गर्मी की तपिश से लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में हीटवेव की आशंका जताई है। मौसम विभाग की मानें तो ओडिशा, गंगीय पश्चिमी बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश और बिहार के लोगों को हीटवेव परेशान कर सकती है। पश्चिमी भारत के कुछ राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 14 अप्रैल को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में आज आसमान बिल्कुल साफ रहने के आसार हैं। आनेवाले दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। मतलब अगले हफ्ते से दिल्ली का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री रह सकता है। यहां आसमान साफ रहेगा। हालांकि, वीकेंड पर लखनऊ में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। गाजियाबाद की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान मौसम विभाग ने किया है।

उत्तर भारत के मौसम का हाल

मौसम विभाग की मानें तो 15 से 17 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। उत्तरी राजस्थान में 16 अप्रैल को बारिश होने की आशंका है। पंजाब में भी 17 अप्रैल को बारिश हो सकती है।  

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो अरुणाचल प्रदेश और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालय पर बारिश और गरज के साथ बौछारें शुरू हो सकती हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *