देवरिया न्यूज़

: :

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 2 दिन बारिश की संभावना, गर्मी और लू से मिलेगी राहत

देवरिया। उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान लगाया है। गुरुवार सुबह लखनऊ, कानपुर और रायबरेली जिलों में बारिश भी हुई थी। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक बारिश की आशंका जताई है साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि के लिए अलर्ट जारी किया है।


तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

लखनऊ के मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान और उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट आई है। बनारस और मेरठ में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई थी।मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग सभी जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने की बात कही है।

गिरेगा प्रदेश का तापमान
मौसम विभाग ने आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के तापमान में और कमी दर्ज की जाने की बात कही है। पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि, पूर्वी यूपी में धूल के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं दो दिनों के बाद पूर्वी यूपी के साथ-साथ प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। प्रदेश का तापमान 5 से 6 डिग्री नीचे जा सकता है। जिससे गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी।


बारिश से गर्मी में काफी राहत
इस बार गर्मी के मौसम में बीच-बीच में बारिश हो ही रही है जिससे भीषण गर्मी में कुछ राहत मिल रही है। मार्च में तापमान देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि अप्रैल और मई में गर्मी के रिकॉर्ड टूट जाएंगे। लेकिन पूरे अप्रैल का मौसम काफी खुशनुमा रहा। वहीं मई में तापमान तो आसमान छू रहा रहा है लेकिन बीच-बीच में होने वाली बारिश से बढ़े हुए तापमान में कुछ राहत मिल रही है।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *