देवरिया : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के बल्ले से एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाते ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। टॉस हारने के बाद टीम इंडिया के लिए केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने आए विराट कोहली ने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। उन्होंने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पांच चौके और दो छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद सिर्फ 53 गेंद में अंतरराष्ट्रीय टी-20 में पहला शतक जड़ दिया।
एशिया कप टी20 में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय टी-20 में विराट कोहली को और उनके प्रशंसकों को 71वें शतक के लिए 1021 दिन और 83 पारी का इंतजार करना पड़ा। हर कोई कोहली को रन बनाता और शतक जड़ता देखना चाहता था और सबकी ये मुराद पूरी हो गई। वो एशिया कप के टी-20 फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक बनाने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। विराट ने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़कर ये उपलब्धि अपने नाम की। विराट ने 33 साल 307 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ा है। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज सूर्यकुमार यादव ने ये कारनामा 31 साल 299 दिन की उम्र में किया था। वहीं रोहित ने 31 साल 190 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ा था। रोहित अब सूची में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
एशिया कप के दोनों फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी
विराट कोहली एशिया कप के दोनों फॉर्मेट यानी वनडे और टी20 दोनों में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। विराट ने साल 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 183 रन की पारी खेली थी जो कि एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी के रूप में दर्ज है। वहीं अब विराट ने अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन की पारी खेलकर एशिया कप के टी-20 फॉर्मेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलकर अपने रिकॉर्ड को दोहरा कर लिया है।
भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे बड़ी पारी
विराट की 61 गेंद में 122 रन की नाबाद पारी अंतरराष्ट्रीय टी20 में किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा खेली सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज था। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 118 रन की और सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ 117 रन की पारी खेली थी। विराट ने एक ही पारी में दोनों मुंबईया खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच
विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ 122 रन की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया। इसी के साथ ही वो अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने के मामले में अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी की बराबरी पर पहुंच गए। दोनों खिलाड़ियों 13-13 बार यह पुरस्कार अपने नाम किया है। ऐसे में साझा रूप से दोनों के नाम अब ये विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस सूची में दूसरे पायदान पर रोहित शर्मा, शाहिद अफरीदी और मोहम्मद हफीज 11-11 बार मैन ऑफ द मैच बनकर साझा रूप से हैं।
एशिया कप में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच
विराट कोहली श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या और पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज शोएब मलिक को पछाड़कर एशिया कप में सबसे ज्यादा बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए। विराट ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में छठी बार इस खिताब पर कब्जा किया। जयसूर्या और शोएब मलिक ने अपने करियर में एशिया कप में पांच-पांच बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था।
छक्कों का पूरा किया सैकड़ा
विराट कोहली ने अपनी 122 रन की आतिशी पारी के दौरान 12 चौके और 6 छक्के जड़े। इसके साथ ही वो अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 100 छक्के जड़ने वाले दूसरे भारतीय बन गए। उनसे पहले रोहित शर्मा ये कारनामा कर चुके हैं और 171 छक्के के साथ पहले पायदान पर हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में रोहित मार्टिन गप्टिल के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
ये भी पढ़ें : पाकिस्तान के बाद श्रीलंका से भी हारा भारत, एशिया कप से लगभग बाहर