देवरिया । आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 12 अप्रैल को सीएसके के कप्तान के रूप में 200वां मैच खेला था। 41 साल के महेंद्र सिंह धोनी इस उपलब्धि को हासिल करने वाले आईपीएल के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने माही की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि धोनी के जैसा कप्तान न कभी हुआ है और न ही भविष्य में कभी होगा।
सुनील गावस्कर ने धोनी को आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताते हुए कहा कि “चेन्नई सुपर किंग्स की टीम कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलना जानती है और ऐसा धोनी की कप्तानी में ही संभव हो पाया है। किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 मैचों में कप्तानी करना काफी मुश्किल होता है, कप्तानी एक बोझ की तरह है, जो खिलाड़ी के प्रदर्शन पर भी असर डालती है, लेकिन माही अलग हैं, वह एक अलग कप्तान हैं। उनके जैसा कप्तान कभी नहीं हुआ और न ही भविष्य में कोई उनके जैसा होगा।’

धोनी की कप्तानी में सीएसके ने चार खिताब जीते
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी शुरुआत से ही आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। 2008 में सीएसके फ्रेंचाइजी ने धोनी को अपने साथ जोड़ लिया था और तब से धोनी इस फ्रेंचाइजी से अलग नहीं हुए। हालांकि 2016 और 2017 में सीएसके जब बैन हुई थी तो धोनी राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स नाम की फ्रेंचाइजी से खेले थे। उन्होंने 2016 के सीजन में 14 मैचों में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स का नेतृत्व किया था, जिससे कप्तान के रूप में उनका कुल मैच 214 हो गया। धोनी की कप्तानी में ही सीएसके ने चार बार आईपीएल का खिताब जीता है। सीएसके के कप्तान के रूप में धोनी का रिकॉर्ड शानदार है। उनकी कप्तानी में टीम ने 120 मैच जीते और 79 हारे हैं।
गावस्कर ने की कोहली की सराहना
आईपीएल 2023 में आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर से है। सुनील गावस्कर ने आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की भी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस सीजन में कोहली शानदार लय में नजर आ रहे हैं, जो उनकी टीम के लिए अच्छी बात है। आरसीबी को जो शुरुआत मिल रही है और उसकी शुरुआत के कारण टीम बोर्ड पर जो रन बना रही है, उसके लिए कोहली काफी हद तक श्रेय के हकदार हैं।