देवरिया : कतर की मेजबानी में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप 2022 सीजन में गुरुवार को पुर्तगाल का मुकाबला घाना से हुआ। ग्रुप एच के मुकाबले में स्टार फुटबॉल क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने घाना के खिलाफ गोल दागकर नया इतिहास रच दिया। रोनाल्डो इतिहास में पांच विश्व कप में गोल जड़ने वाले दुनिया के पहले फुटबॉल खिलाड़ी बन गए हैं। यह मैच काफी रोमांचक रहा, जिसमें पुर्तगाल ने 3-2 से मैच जीत लिया।
पुर्तगाल और घाना के बीच मुकाबला बेहद रोचक रहा। दोनों ही टीमें हाफ टाइम तक कोई गोल नहीं कर सकी। मैच में पहला गोल रोनाल्डो ने मैच के 65वें मिनट में किया और अपनी टीम का खाता खोला। इसके साथ ही रोनाल्डो के नाम फुटबॉल विश्व कप के इतिहास के पांच संस्करणों में गोल करने का अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह पांच फीफा वर्ल्ड कप सीजन (2006, 2010, 2014, 2018, 2022) में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। बता दें कि फीफा की वर्ल्ड रैंकिंग में रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल 9वें नंबर पर काबिज है, जबकि घाना 61वें नंबर पर मौजूद है।
मैच में इस तरह हुए गोल
- पहला गोल: 65वें मिनट में रोनाल्डो ने यह गोल पेनल्टी से किया।
- दूसरा गोल: 73वें मिनट में घाना के कप्तान आंद्रे एयू ने दागा।
- तीसरा गोल: 78वें मिनट में पुर्तगाल के ब्रूनो फर्नांडीस ने किया।
- चौथा गोल: 80वें मिनट में पुर्तगाली राफेल लियाओ ने गोल दागा।
- पांचवां गोल: 89वें मिनट में घाना के ओसमन बुकारी ने किया।
2006 में इरान के खिलाफ किया था पहला गोल
रोनाल्डो साल 2006 में पहली बार फीफा विश्व कप में शामिल हुए थे। अपने पहले वर्ल्ड कप में उन्होंने इरान के खिलाफ पेनल्टी के रूप में गोल जड़ा था। इसके बाद से वो लगातार फीफा विश्व कप में भाग ले रहे हैं और गोल कर रहे हैं। साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्व कप में रोनाल्डो ने एक गोल किया था। इसके बाद साल 2014 में ब्राजील में वो एक गोल करने में सफल रहे थे।
रूस में रोनाल्डो ने किए थे 4 गोल
साल 2018 में रूस में आयोजित विश्व कप उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ रहा था, जिसमें उन्होंने कुल 4 गोल किए थे। कतर में उन्होंने घाना के खिलाफ एक गोल करके टूर्नामेंट की शुरुआत की है। फीफा विश्व कप में अब उनके नाम कुल 8 गोल हो गए हैं। अगर उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा तो इस बार वो सर्वकालिक सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराने में सफल होंगे।