देवरिया। बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 106 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। 6 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 91 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए। राष्ट्रपति ने सबसे पहला पद्म सम्मान आर्किटेक्ट बालकृष्ण दोषी को दिया उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनका यह सम्मान उनकी बेटी ने ग्रहण किया। बिजनसमैन कुमार मंगलम बिड़ला को व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। सम्मान देने के दौरान राष्ट्रपति भवन में कई ऐसे क्षण आए जब लोगों का दिल भावनाओं से और आंखें खुशी के आंसुओं से भरी हुई नजर आईं। पुरस्कार पाने वाले अपने कार्य, क्षेत्र और हिन्दुस्तान को खुद को समेटे नजर आए।

पंडवानी गायिका ने घुटनों के बल आकर किया प्रणाम
छत्तीसगढ़ की पंडवानी गायिका उषा बारले को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उनका नाम पुकारने पर सम्मान लेने से पहले उन्होंने पहले प्रधानमंत्री के सामने घुटने के बल आकर प्रणाम किया फिर राष्ट्रपति की तरफ घुटने के बल प्रणाम किया। इसके बादे फिर अपना सम्मान लेने राष्ट्रपति की ओर बढ़ीं और पद्मश्री ग्रहण किया। उषा ने केंद्र सरकार से एक पंडवानी स्कूल खोलने की अपील की है, जिसमें वो बच्चों को नि:शुल्क पंडवानी सिखाना चाहती हैं। उषा 7 साल की उम्र से पंडवानी गा रही हैं।

आंचल फैलाकर व्यक्त किया आभार, राष्ट्रपति को दिया आशीर्वाद
70 साल की हिराबाई बेन को सिद्दी समुदाय की महिलाओं के उत्थान के लिए काम करने के लिए समाज सेवा के क्षेत्र में पद्मश्री दिया गया। सम्मान लेने से पहले हिराबाई बेन प्रधानमंत्री के सामने कुछ देर के लिए रुकीं और अपने डुपट्टे का आंचल फैलाकर आभार व्यक्त करते हुए कहा-“मेरे प्यारे नरेंद्र भाई आपने हमारी झोली खुशियों से भर दी”। उसके बाद हीराबाई बेन जब अपना पद्मश्री सम्मान लेने राष्ट्रपति के पास गईं तब उन्होंने अपने दोनों हाथ उनके कंथे पर रख दिए जैसे उन्हें प्यार से आशीर्वाद दे रही हों।

बिड़ला परिवार के चौथे व्यक्ति को पद्म पुरस्कार
कुमार मंगलम बिड़ला को व्यापार के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण सम्मान दिया गया। कुमार मंगलम बिड़ला पद्म सम्मान से सम्मानित होने वाले चौथे व्यक्ति बन गए हैं। इसस पहले उनकी मां राजश्री बिड़ला को पद्म भूषण, दादा बसंत कुमार बिड़ला को पद्म भूषण और परदादा घनश्याम बिड़ला को पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

इन्हें भी किया गया सम्मानित
इनके अलावा काथा एम्ब्रॉयडरी कलाकार प्रीतिकाना गोस्वामी को पद्मश्री, वेस्ट बंगाल के मंगला कांत रॉय को कला के क्षेत्र में पद्मश्री, डॉ प्रभाकर भानुदास मांडे को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पद्म पुरस्कार पाने वाले 106 हस्तियों में 19 महिलाएं शामिल हैं।
