देवरिया। हमारी संस्कृति कहती है अतिथि देवो भव: यानी अतिथि देवता के समान होते हैं। हम हजारों साल से मेहमानों को भगवान मानते आए हैं लेकिन कई बार बाहर से आए पर्यटकों के साथ अशोभनीय घटनाएं हो जाती हैं। मुंबई में एक ऐसी ही घटना घटी, जब कोरिया से भारत घूमने आई एक महिला टूरिस्ट के साथ लाइव स्ट्रीमिंग के वक्त 2 युवकों ने छेड़छाड़ की। हालांकि इसका दूसरा पहलू भी सामने आया। छेड़खानी करने वाले लड़कों को दूसरे लड़कों ने भगाया, जिनके साथ लंच की तस्वीरें युवती ने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं।

व्लॉग बनाते वक्त हुई छेड़खानी
जिस युवती के साथ छेड़खानी हुई है, वह दक्षिण कोरिया की रहने वाली हैं। वह सोशल मीडिया के लिए व्लॉग बनाती हैं। जिस समय यह घटना हुई उस समय भी वह युवती मुंबई की गलियों में अपना व्लॉग बना रही थी और लाइव स्ट्रीम कर रही थीं। उसी समय वहां मौजूद कुछ लड़कों ने उससे छेड़खानी की। क्योंकि व्लॉग के लिए युवती मोबाइल में वीडियो बना रही थी इसलिए उन लड़कों की करतूत भी कैमरे में कैद हो गई।
मुंबई पुलिस से खुद लिया संज्ञान
मामला क्योंकी विदेशी पर्यटक से जुड़ा था इसलिए मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया से मामले की जानकारी मिलते ही समझदारी दिखाते हुए बिना किसी शिकायत के ही इस मामले में खुद संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। गुरुवार को आरोपी युवकों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। युवती ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी के साथ फोटो पोस्ट की है, जिन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। युवती ने उन्हें धन्यवाद कहा है।
मदद करने वाले लड़कों के साथ भी पोस्ट की तस्वीर
शुक्रवार को युवती ने ट्वीटर पर एक पोस्ट किया जिसमें वो दो लड़कों के साथ नजर आ रही हैं। युवती ने लिखा है –“आदित्य और अथर्व दो जेंटलमैन जिन्होंने मुझे वीडियो पोस्ट करने में मदद की और मुझे बचाया”। कमेंट में लोगों ने युवती की मदद के लिए दोनों युवकों की सराहना की है।
युवती ने कहा ‘आई लव इंडिया’, भारतीयों ने मांगी माफी
इस पूरी घटना के बाद भी युवती ने ट्वीट कर कहा कि वह इंडिया को बहुत प्यार करती हैं और आगे भी भारत को अपने व्लॉग में एक्सप्लोर करती रहेंगी। छेड़खानी की घटना के बाद भी युवती के इस तरह से किए गए ट्वीट पर बहुत से भारतीय लोगों ने ट्विटर पर युवती से माफी मांगी और उसके साथ जो भी हुआ उसके लिए खेद जताया।