देवरिया।बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के लगे आरोप के मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। यौन शोषण का आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की ने अपनी शिकायत वापस ले ली है। बृजभूषण शरण के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर ही महिला पहलवान कई दिनों तक धरने पर बैठी हुई थीं। हाल ही में कार्रवाई ना होने के विरोध में पहलवानों ने अपना मेडल गंगा में बहाने का भी ऐलान किया था। हालांकी नरेश टिकैट के समझाने पर उन्होंने ऐसा नहीं किया था।
नाबालिग ने बयान ही बदल दिया
नाबालिग ने पटियाला हाउस कोर्ट से अपनी शिकायत वापस ले ली है। नाबालिग के पिता और उसके दादा भी कोर्ट में मौजूद रहे। उसने कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत वापस लेने के लिए बयान भी दर्ज कराए थे। अपने बयान में नाबालिग पूरी तरह से पलट गई उसने कोर्ट में कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने कभी यौन उत्पीड़न नहीं किया है। इस मुद्दे पर लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे पहलवानों का आगे क्या रुख होगा यह देखने वाली बात होगी।
साक्षी मलिक ने किया ट्विट
इस बीच मीडिया द्वारा पहलवानों द्वारा आंदोलन छोड़ नौकरी ज्वॉइन करने वाली खबर पर साक्षी मलिक ने ट्वीट कर कहा कि- “ये खबर बिल्कुल गलत है। इंसाफ की लड़ाई में ना हम में से कोई पीछे हटा है ना हटेगा। सत्याग्रह के साथ-साथ रेलवे में अपनी जिम्मेदारी को साथ निभा रही हूं। इंसाफ मिलने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। कृपया कोई गलत खबर ना चलाएं।”
आंदोलन वापस लेने की खबर अफवाह: बजरंग पुनिया
इस खबर पर बजरंग पुनिया ने भी ट्वीट कर कहा कि- “आंदोलन वापस लेने की खबरें कोरी अफवाह है। ये खबरें हमें नुकसान पहुंचानने के लिए फैलाई जा रही है। हम न पीछे हटे हैं और न ही हमने आंदोलन वापस लिया है। महिला पहलवानों की एफआईआर उठाने की खबर भी झूठी है। इंसाफ मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी। ”


