देवरिया । बीजेपी के राष्ट्रीय अझ्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पार्टी की तरफ से उन्हें एक साल का एक्सटेंशन दे दिया गया है। नड्डा 2024 तक पार्टी की कमान संभालेंगे। यानी कि नड्डा के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि पार्टी बैठक में राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव रखा था और बीजेपी कार्यकारिणी की तरफ से उसे स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान के हिसाब से संगठन का चुनाव होता है। ये वर्ष सदस्यता का साल है, कोरोना के करण समय पर सदस्यता का काम नहीं हो सका था, इस लिए संविधान के हिसाब से कार्य विस्तार किया गया है। ऐसे में राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव रखा,जिसे सर्वसम्मति से समर्थन मिला। अब नड्डा जी जून 2024 तक अध्यक्ष बने रहेंगे।
उन्होंने बताया कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए हमारा बिहार में सबसे अधिक स्ट्राइक रेट रहा, महाराष्ट्र में भी एनडीए ने बहुमत हासिल किया। यूपी में भी जीते, बंगाल में हमारी संख्या बढ़ी। गुजरात में हमने प्रचंड विजय हासिल की। उत्तर पूर्व में भी काम किया।
2019 का रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जेपी नड्डा के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में और ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा। 2019 से ज्यादा सीटें जीती जाएंगी। बता दें कि जेपी नड्डा ने अमित शाह से ही पार्टी की कमान अपने हाथों में ली थी। जब 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की थी, तब अमित शाह को केंद्र की राजनीति में लाया गया था। वे गृह मंत्री बना दिए गए थे। वहीं जेपी नड्डा को पार्टी के अध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया।