देवरिया । हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम ने अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है। शुक्रवार 13 जनवरी को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने स्पेन को 2-0 से हरा दिया। भारतीय टीम की जीत में अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह का अहम रोल रहा, जिन्होंने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल किया। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 15 जनवरी को इंग्लैंड से होगा।
ऐसा रहा पहला दो क्वार्टर
भारतीय टीम को पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला था, हालांकि हरमनप्रीत सिंह इस पर गोल नहीं कर पाए। चंद सेकेंड बाद विपक्षी खिलाड़ी के खतरनाक प्ले के चलते भारत को फिर से पेनल्टी कॉनर मिला। इस बार भारत ने मौके को भुनाने में कोई गलती नहीं की और अमित रोहिदास ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद खेल के 13वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसपर कोई गोल नहीं हुआ।
पहले क्वार्टर में 1-0 से आगे रहने वाली टीम इंडिया का प्रदर्शन दूसरे क्वार्टर में भी शानदार रहा। भारत को अटैकिंग हॉकी खेलने का फायदा खेल के 26वें मिनट में हुआ, जब हार्दिक सिंह ने फील्ड गोल कर दिया। इस तरह भारतीय टीम मुकाबले में 2-0 से आगे हो गई और यह स्कोर हाफटाइम तक कायम रहा। पहले 30 मिनट में स्पेन को सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसपर उसके खिलाड़ी गोल नहीं कर पाए।
पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल नहीं कर पाए हरमनप्रीत
तीसरे क्वार्टर में भी भारत को गोल करने के कई मौके मिले। खेल के 32वें मिनट में भारत को पेनल्टी मिला, लेकिन हरमनप्रीत गोल नहीं कर पाए। क्योंकि विपक्षी गोलकीपर ने शानदार बचाव किया था। फिर 37वें और 43वें मिनट में भी भारत पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर पाया। चौथे क्वार्टर फाइनल में स्पेनिश टीम को दो पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह गोल नहीं कर पाई। इस तरह भारत ने 2-0 से मैच अपने नाम कर लिया।
ग्रुप-डी में है भारतीय टीम
इस विश्व कप में हर ग्रुप से शीर्ष टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी और दूसरे तथा तीसरे स्थान की टीमों के बीच क्रॉसओवर मैच होंगे। भारतीय टीम को ग्रुप-डी में स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। इंग्लैंड ने भी वेल्स को पहले मुकाबले में 5-0 से पराजित किया। अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया की टीम भी अपना पहला मैच जीतने में कामयाब रहीं। अर्जेंटीना ने साउथ अफ्रीका को 1-0, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को 8-0 से रौंद डाला।
48 साल का इंतजार खत्म करना चाहेगी भारतीय टीम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कोशिश दूसरी बार इन खेलों में गोल्ड मेडल जीतने की है। भारत ने अबतक सिर्फ एक बार हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। साल 1975 में अजितपाल सिंह की कप्तानी में भारत को खिताबी सफलता हाथ लगी थी। इसके अलावा भारतीय टीम साल 1971 के वर्ल्ड कप में ब्रॉन्ज और 1973 के टूर्नामेंट में सिल्वर जीतने में कामयाब हुई थी।