देवरिया न्यूज़

: :

New Year 2023 : कैसा रहेगा नया साल, खुशियां लेकर आएगा या बढ़ाएगा मुश्किलें, जानें क्या है भविष्यवाणी

देवरिया : साल 2022 गुजरने में अब कुछ ही दिन बचा है, लोग नए साल की जश्न की तैयारियों में भी जुट गए हैं, क्योंकि नया साल यानी 2023 के आने में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। नए साल में ग्रहों की स्थितियां क्या रहेगी। देश-विदेश, शिक्षा, व्यापार, सुरक्षा, राजनीति, आर्थिक स्थिति, संस्कृति और खेलकूद के क्षेत्र में कैसा बीतेगा समय। इस बारे में जानते हैं क्या है ज्योतिषाचार्य की राय।

विश्व में हिंसा होने की आशंका

ज्योतिषविद के मुताबिक, नए संवत्सर का नाम नल है और इसका राजा बुध और मंत्री शुक्र होगा। राजा और मंत्री में मित्रता होने से सत्ता पक्ष और सरकार के काम आसानी से हो जाएंगे। कुंडली में लग्नेश बुध अष्टम भाव में राहु के साथ है। यह विश्व शांति के लिए अच्छा संकेत नहीं है। दूसरे भाव पर राहु की दृष्टि भी है। इससे विश्व के कुछ देशों की आंतरिक स्थिति अच्छी नहीं रहेगी। भारत के पड़ोसियों से भी संबंध अच्छे रहने की संभावना नहीं है। इसके अलावा विश्व में हिंसा होने की आशंका है। कई देशों में सैन्य संघर्ष की स्थिति का योग बन रहा है। आतंकी घटनाओं में इजाफा देखने को मिल सकता है।

विरोधी दलों का वर्चस्व बढ़ने की संभावना

ज्योतिषविद का यह भी मानना है कि विश्व में व्यापारिक दृष्टि से मंदी रहने की संभावना है। आम लोगों को खर्चों पर नियंत्रण करना होगा और स्वास्थ्य पर ध्यान देना होगा। देश में विरोधी दलों का वर्चस्व बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा देश में कोई विशेष कानूनी व्यवस्था लागू हो सकती है। अंक शास्त्र के मुताबिक, साल 2023 का कुल योग सात आता है, जो केतु का अंक है। केतु आध्यात्मिकता तो देता है, लेकिन यह वायरस का भी प्रतिनिधित्व करता है। मतलब कोरोना वायरस दोबारा फैल सकता है, या दूसरी कोई बीमारी दुनियाभर में फैल सकती है।

साल 2023 में कई बदलाव हो सकते हैं। कहा जाता है कि सभी मनुष्यों और जीव-जंतुओं को लाभ मिलेगा। नए साल में घरेलू स्थितियां अच्छी बनेगी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। जैसे- पेट संबंधी समस्या तथा हृदय संबंधी विकार उत्पन्न हो सकते हैं। निजी जीवन को लेकर खासा उत्साहित रहेंगे। सुख-सुविधाओं को पूर्ण करने तथा भौतिक वस्तुओं का समावेश करेंगे।

विश्व गुरु की दिशा में आगे बढ़ेगा भारत

ज्योतिषविद का यह भी कहना है कि साल 2023 में भारत, विश्व में अपना उच्च स्थान प्राप्त करेगा। इसके कारण भारत की परंपरा, रीति-रिवाज और संस्कृति को लेकर अनेक कार्य दुनिया को नई दिशा दिखाएंगे। मूलभूत सुविधाओं के लिए प्राचीन पद्धति को बढ़ावा मिलेगा। विश्व में भारत का नेतृत्व सराहनीय रहेगा। विदेश संबंधी नीतियों का परिवर्तन होने के योग हैं। आतंकवाद बढ़ने के योग बनेंगे, जिससे भारत और आस-पास के नजदीकी देशों के लिए समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। धर्म-जाति को लेकर मुख्य कार्य संपन्न होंगे। भारत के विश्व गुरु बनने के मार्ग प्रशस्त होंगे। खेलकूद को लेकर भी भारत अग्रणी रहेगा।

प्राकृतिक आपदाओं के योग?

ज्योतिष जानकारों के अनुसार, विदेशों में लंबे समय से चल रहे युद्ध का विराम 2023 में हो सकता है। शनि के परिवर्तन मात्र से बड़े युद्ध की आशंका की कल्पना की जा सकती है। मगर, गुरु अपने स्थान पर होने पर बड़ी स्थितियों को निर्मित नहीं होने देगा तथा आपसी सुलह होने के योग बनेंगे। चीन तथा जापान में प्राकृतिक दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ सकती हैं। जल प्रपात, भूस्खलन जैसी घटनाएं हो सकती है।

राहु की स्थिति 13 जनवरी 2023 से बदल जाएगी, जिसके कारण आर्थिक स्थितियां सुधर सकती हैं। व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। शेयर बाजार में काफी उछाल रहेगा। न्यायालय के मामले ज्यादा बढ़ सकते हैं तथा आंतरिक विवाद, मर्डर, चोरी जैसी घटनाएं अधिक घटित हो सकती हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *