देवरिया। बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान सुसाइड केस में 10 साल बाद फैसला आया है। अभिनेता सूरज पंचोली पर जिया खान को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगा था। मुंबई की सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 10 साल बाद सबूतों के अभाव में सूरज पंचोली को रिहा कर दिया है। सूरज पंचोली अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे हैं।
जिया खान ने फांसी लगाकर की थी खुदकुशी
साल 2013 में जिया खान ने अपने जुहू स्थिति अपार्टमेंट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस को जिया खान के कमरे से 6 पन्ने का सुसाइड नोट मिला था। जिसमें सूरज पंचोली से टूटे रिश्ते से डिप्रेशन की बात लिखी थी। पुलिस की जांच में जिया के कुछ दिन पहले अबॉर्शन पिल्स खाने की बात भी सामने आई थी। सुसाइड नोट के आधार पर ही पुलिस ने सूरज पंचोली को गिरफ्तार किया था।
जिया खान की मां राबिया खान ने लगाया था आरोपन
जिया खान के सुसाइड के बाद उनकी मां ने सूरज पंचोली पर जिया का शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था यह आत्महत्या नहीं हत्या है। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने सूरज को गिरफ्तार कर लिया था। सूरज को 22 दिन जेल में ही रहना पड़ा था। लेकिन बाद मे कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। बाद में राबिया खान की अर्जी पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने साल 2014 में इस केस की जांच सीबीआई को दे दी थी। सीबीआई ने 2015 में कोर्ट में सूरज के खिलाफ चार्जशीट भी दायर की थी। 20 अप्रैल को कोर्ट ने दोनों पक्षों की अंतिम सुनवाई की और अपना फैसला सुरक्षित रखा। 28 अप्रैल को कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए सूरज के खिलाफ ठोस सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया।
राबिया खान ने कहा उनकी बेटी को इंसाफ नहीं मिला
जिया खान की मां राबिया खान अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पिछले 10 सालों से संघर्ष कर रह थीं। सूरज पंचोली को पहली बार कोर्ट से जमानत मिलने पर भी उन्हें गहरा दुख हुआ था लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि 10 साल की लंबी लड़ाई के बाद उनकी बेटी को इंसाफ मिलेगा और सूरज पंचोली सजा मिलेगी। लेकिन कोर्ट के फैसले पर उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को इंसाफ नहीं मिला। राबिया ने आगे भी कानून लड़ाई जारी रखने की बात कही है।