देवरिया: राजस्थान में रविवार को हुए बड़े घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद को कांग्रेस अध्यक्ष की रेस से अलग कर लिया है। सोनिया गांधी से मिलने के बाद गहलोत ने ये फैसला लिया है। सोनिया गांधी से मीटिंग के बाद गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हुए घटनाक्रम के बाद वे दुखी हैं। उन्होंने इसके लिए सोनिया गांधी से माफी मांगी है।
सोनिया से मुलाकात के बाद लिया फैसला
अशोक गहलोत ने कहा कि उन्होंने कोच्चि में राहुल गांधी से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की विनती की थी लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। जिसके बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हुए घटनाक्रम ने हर किसी को हैरान कर दिया है। सबको ये संदेश गया कि वो सीएम बने रहना चाहते हैं। उन्होंने सोनिया गांधी से माफी मांगी है और चुनाव न लड़ने का फैसला लिया है।
दिग्विजय सिंह ने किया नामांकन, थरूर करेंगे
इधर कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल हो गए हैं। उन्होंने गुरुवार को नामांकन फॉर्म लिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे शुक्रवार को नामांकन भरेंगे। सांसद शशि थरूर भी शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुरुवार को दोनों नेताओं ने मुलाकात की है।
