देवरिया। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता महेश गागड़ा ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो हाथ से चलाई जाने वाली चक्की से दाल निकालते नजर आ रहे हैं। मंत्री ने मजाकिया अंदाज में ये वीडियो डाला है, जो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग भी इस पर अलग-अलग और मजाकियां अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
खुद शेयर किया वीडियो
महेश गागड़ा ने वीडियो खुद ही शेयर करते हुए लिखा है कि- ‘सामाजिक और राजनीतिक कार्य के साथ-साथ, घर का काम भी करना ही पड़ता है। बड़ी बनाने के लिए दाल पिसवा रही है घर की मालकिन। दिन भर की भागम-भाग के बाद, आप कुछ भी कर लो बच नहीं सकते’। यह वीडियो उनकी बेटी ने चुपके से बनाया है। पूर्व मंत्री ने इस वीडियो के लिए पोस्ट पर अपनी बेटी को क्रेडिट भी दिया है।

बीजापुर से विधायक और वन मंत्री थे गागड़ा
महेश गागड़ा राज्य में बीजेपी सरकार के समय बीजापुर से विधायक थे। उस समय वो छत्तीसगढ़ के वन मंत्री के पद पर थे। एक समय में वो नक्सलियों की हिटलिस्ट में थे। नक्सलियों द्वारा उन्हें मारने की साजिश रचने की बात सामने आई थी। उस वक्त महेश गागड़ा काफी चर्चा में थे।