देवरिया। दिल्ली के मुखय्मंत्री अरविंद केजरिवाल एक और विवाद में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। केजरीवाल पर अपने सरकारी बंगले के रिनोवेशन पर करोड़ों रुपए खर्च करने के आरोप लगे हैं। बंगले की कुछ तस्वीरें मीडिया पर सामने आते ही बीजेपी ने केजरीवाल पर हमला बोला है। वहीं दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने उप राज्यपाल से इस मामले की जांच कराने का निवेदन किया है। सोशल मीडिया पर भी अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान शेयर हो रहे हैं, जो उन्होंने ईमानदारी और सादगी को लेकर दिए थे।
भाजपा प्रवक्ता संबत पात्रा ने कहा ‘आज अखबारों में जो सुर्खियां छपी हैं वो केवल एक महाराज और उनके महल के रेनोवेशन की कहानी नहीं है बल्कि ये महाराज की मानसिकता के रेनोवेशन की कहानी है। कुछ नहीं लूंगा से, सब कुछ लूट लूंगा, कुछ नहीं छोडूंगा। ये उस महाराज में आए परिवर्तन की कहानी है। मीडिया ने बताया है कि 45 करोड़ रुपये खर्च कर महाराज के महल का रेनोवेशन किया गया है। 8-8 लाख रुपये के पर्दे लगाए गए हैं और ये वो लोग हैं जो शपथ लेने के लिए आए थे तो ऑटो में लटक कर आए थे। कहते थे कि हम गाड़ी नहीं लेंगे, घर नहीं लेंगे। 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक का तो इनके घर में मार्बल लगा है और यह मार्बल भी वियतनाम से मंगवाया गया है।‘
पात्रा ने कहा ‘अरविंद केजरीवाल का यह महल उस समय रेनोवेट हो रहा था, जब दिल्ली में कोरोना से हाहाकार मचा था। अब समझ में आ रहा है कि ऑक्सीजन के टैंकर क्यों अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रहे थे ? अरविंद जी मरीजों को बेड नहीं दे पा रहे थे क्योंकि वो अपने महल के रेनोवेशन में व्यस्त थे। ये इनकी विलासता की कहानी है।‘
बीजेपी ने 45 करोड़ खर्च करने का आरोप लगाया
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने कहा- “ सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने सरकारी बंगले और ऑफिस को सजाने के लिए 45 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। केजरीवाल एक घर में नहीं बल्कि एक शीश महल में रहते हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। दिल्ली सरकार ने कोविड काल में कई विकास कार्य पैसों के अभाव में स्थगित कर दिए। यह आम आदमी पार्टी की लोगों के प्रति संवेदनहीनता का एक बड़ा प्रमाण है।
केजरीवाल की सादगी और ईमानदारी बेनकाब हो गई: रामवीर सिंह
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा- “केजरीवाल की सादगी और ईमानदारी बेनकाब हो गई है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। जो कहते थे कि सरकार आने पर 2 कमरे के घर में रहेंगे, सिक्योरिटी नहीं रहेगी, लग्जरी गाड़ी से नहीं चलेंगे। अब घर के रेनोवेशन पर 45 करोड़ खर्च कर दिए, उसे महल की शक्ल दे दी। आज जब घर से निकलते हैं तब 28 गाड़ियों का काफिला चलता है”।
आरोपों के अनुसार इन जगहों पर खर्च हुए करोड़ों
बीजेपी ने बंगले और ऑफिस की सजावट में करोड़ों खर्च करने का आरोप लगाया है। आरोपों के अनुसार 11.3 करोड़ रुपए इंटीरियर डेकोरेशन पर खर्च हुए हैं। वियतनाम से मंगाए गए मार्बल की कीमत 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। एक करोड़ रुपए इंटीरियर डिजाइन की कंसलटेंसी में खर्च किए गए। 5.43 करोड़ रुपए खर्च कर इलेक्ट्रिकल्स और फायर फायटिंग के काम पर लगाए गए। वहीं 1.1 करोड़ रुपए सिर्फ किचन के सामान में और वुडन फ्लोरिंग में खर्च किए जाने के आरोप हैं।
आप सांसद राघव चड्ढा ने दिया जवाब
बीजेपी के आरोपों पर आप सांसद राघव चड्ढा ने जवाब देते हुए कहा- “इन सवालों से इनकी घटिया सोच उजागर हो रही है। केजरीवाल के बंगले पर बात हो रही है तो गुजरात के सीएम विजय रुपानी के हेलीकॉप्टर और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के घर पर भी बात होनी चाहिए”। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बचाव करते हुए कहा कि-“बीजेपी की मीडिया दावा कर रही है कि सीएम केजरीवाल अपने लिए 45 करोड़ का महल बनवाया है तो दिल्ली के एलजी से कहिए ये महल आप ले लीजिए और अरविंद जी को अपना गरीब खाना दे दीजिए”।