देवरिया। कहते हैं मां जब कुछ चाह लेती है, तो कर के रहती है। औरत चाहे गृहिणी हो या वर्किंग मां की ममता एक समान होती है। अपने काम और बच्चे के प्रति जिम्मेदारी का ताल-मेल एक मां बखूबी बिठा लेती है। अपने काम के बीच भी वो अपने बच्चे को उतना ही प्यार करती है और ध्यान रखती है। इसका उदाहरण झारखंड की मॉडल अलीशा गौतम ने पेश किया है। अलीशा उरांव में जब अपने दुधमुंहे बच्ची के साथ रैंप पर उतरी तो देखने वाले देखते रह गए।
पेशे से मॉडल अलीशा ने एक फैशन शो में अपनी दस माह की बेटी को गोद में लेकर रैंप वॉक किया। वहां मौजूद लोगों ने उनके इस कदम को काफी सराहा। सोशल मीडिया भी अलीशा की तारीफ कर रहा है।
नेटिव जतरा आदिवासी फैशन शो पर किया रैंप वॉक
अलीशा ने झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित “नेटिव जतरा आदिवासी फैशन शो” में रैंप वॉक किया। शो के दौरान जब अलीशा की बारी आई तब वे अपनी 10 माह की बेटी नायरा के साथ रैंप पर उतरीं। उन्होंने अपनी बेटी को कपड़े की मदद से अपने सीने से लगाया हुआ था। जैसे ही अलीशा ने वॉक करना शुरू किया सभी ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और हौसला बढ़ाया।
आदिवासी संस्कृति पर था फैशन शो
मॉडल अलीशा गौतम ने रैंप पर मंगल नाग की डिजाइन की हुई पड़िया साड़ी पहनी थी। नाग ने ऑफ व्हाइट साड़ी डिजाइन की थी। आदिवासी स्टाइल में यह साड़ी अलीशा पर खूब जंच रही थी। अलीशा ने अपनी बच्ची को एक कपड़े से बांधा हुआ था जिसे स्थानीय भाषा में बेतरा कहा जाता है। आदिवासी महिलाएं काम करते वक्त अपने बच्चों को इसी तरह से खुद से बांध कर रखती हैं। अलीशा ने मैचिंग ज्वेलरी भी पहनी हुई थी।
सोशल मीडिया पर हो रही खूब तारीफ
अलीशा की बेटी की साथ रैंप वॉक वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इससे पहले शायद किसी और मॉडल ने अपनी इतनी छोटी बेटी के साथ रैंप वॉक नहीं किया है। अलीशा का कहना है आदिवासी महिलाएं बच्चों को इसी तरह बांधकर घर और खेतों के सारे काम करती हैं तो मैं वॉक क्यों नहीं कर सकती। उनका कहना है महिलाओं को शादी और बच्चों के बाद भी अपने शौक और पैशन को जिंदा रखना चाहिए।