देवरिया न्यूज़

: :

इलाहाबाद से चुनाव लड़ सकते हैं अभिषेक बच्चन, समाजवादी पार्टी से उतरने की खबर

देवरिया। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में सभी दल जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। सभी पार्टियां सीट के हिसाब से लोकप्रिय प्रत्याशियों के नाम का चुनाव करने में लगी हुई हैं। इसी चुनावी कवायद में एक और बड़ी खबर सामने आई है कि अभिषेक बच्चन भी इस बार उत्तर प्रदेश के चुनावी संग्राम में उतरने वाले हैं। इस खबर में कितनी सच्चाई है इस बात की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

सपा की टिकट से लड़ सकते हैं चुनाव
उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी सबसे चर्चित खबर फिलहाल यही है कि अभिषेक बच्चन लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। खबर के मुताबिक, अभिषेक समाजवादी पार्टी की टिकट से इलाहाबाद सीट से चुनावी मैदान में कदम रखेंगे। हालांकि समाजवादी पार्टी के किसी भी सदस्य की तरफ से इस विषय पर कोई भी चर्चा नहीं की गई है। अभिषेक बच्चन या अमिताभ बच्चन की तरफ से भी ऐसी कोई बात नहीं की गई है, जिससे इस खबर पर मुहर लगाई जा सके।

उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ा है बच्चन परिवार
अगर अभिषेक बच्चन यूपी में चुनाव लड़ते हैं तो यह पहली बार नहीं होगा जब बच्चन परिवार का कोई सदस्य उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रवेश कर रहा होगा। इससे पहले भी अमिताभ बच्चन इलाहाबाद से सांसद रह चुके हैं। 1984 के आम चुनाव में अमिताभ बच्चन कांग्रेस की तरफ से प्रत्याशी थे। उन्होंने लोकदल की हेमवती नंदन बहुगुणा को हराकर जीत हासिल की थी। वर्तमान में जया बच्चन भी सपा से राज्यसभा सांसद हैं।


सबसे ज्यादा सांसद देने वाला उत्तर प्रदेश देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। वहीं बच्चन परिवार भी देश के नामी परिवारों में गिना जाता है। ऐसे में अभिषेक बच्चन का यूपी में चुनाव लड़ना बड़ा सियासी फेरबदल कर सकता है। खबर में सच्चाई कितनी है यह साफ नहीं है, लेकिन इसने यूपी की सियासत में खलबली जरूर मचा दी है।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *