देवरिया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को एक शख्स ने सरेहाम 16 साल की नाबालिग पर गंडासे से वार किया और उसे लहूलुहान हालत में करीब पौन घंटे सड़कों पर घुमाता रहा। बच्ची लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही लेकिन हाथ में खून से सना गंडासा देख किसी की हिम्मत नहीं हुई कि लड़की को बचा लें। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की वीडियोग्राफी की जिसमें यह भयावह वारदात कैद हो गई है जो कि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
घर में घुसकर किया पहला वार
शनिवार की रात करीब 8 बजे नाबालिग अपने घर में थी। उसी समय आरोपी मनोज अचानक घर में गंडासा लेकर घुस गया और लड़की के गले पर वार किया। आरोपी लड़की का बाल पकड़कर उसे घसीटता हुआ सड़क पर ले आया और लगातार उसके गले और हाथ पर वार करता रहा। नाबालिग लड़की पूरी तरह लहूलुहान हो चुकी थी लेकिन आरोपी का दिल नहीं भरा, वो करीब पौन घंटे उसी हालत में उसे लेकर घूमता रहा और आखिर में वापस उसे घर पर लाकर फेंककर चला गया।
गंडासे से 16 बार किया वार
पुलिस के पहुंचने पर लड़की को अस्पताल पहुंचाया गया। लड़की की कलाई की 12 नसें कटी हुई थी। और गले पर भी गहरे जख्म थे। पीड़ित लड़की की हालत बहुत गंभीर थी लेकिन डॉक्टरों ने किसी तरह लड़की की जान बची ली है।
47 साल का आरोपी नाबालिग पर जबरन संबंध बनाना चाहता था
आरोपी ओमकार तिवारी उर्फ मनोज की मसाले की दुकान है, जिसमें पीड़ित लड़की काम किया करती थी। उसी समय से मनोज उसे परेशान करता और बात करने के लिए दबाव बनाता था। बाद में लड़की ने परेशान होकर वहां काम छोड़ दिया, उसके बाद भी मनोज लगातार लड़की को परेशान करता रहा और बात नहीं करने पर उसने लड़की का फोन भी तोड़ दिया था।
वारदात के बाद भी लोगों को धमकाता रहा आरोपी
बच्ची को घर पर छोड़ने के बाद भी आरोपी भागा नहीं तब भी वहीं गंडासा लेकर लोगों को धमकाता रहा कि किसी ने मदद की तो उसका भी वह यही हाल करेगा। काफी देर बाद पुलिस को सूचना मिली तब पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है।
पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला जुलूस
लोगों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को लड़की के घर से ही गिरफ्तार किया। रविवार को पुलिस ने आरोपी का पूरे शहर में कान पकड़ा कर जुलूस निकाला। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
