देवरिया न्यूज़

: :

हमारा गौरव और मान है हिन्दी, क्या आप इन तथ्यों को जानते हैं

14 सितंबर को हर वर्ष हिन्दी दिवस मनाया जाता है। स्वतंत्रता के दो साल बाद 14 सितबंर 1949 को संविधान सभा में एक मत से हिन्दी को राजभाषा घोषित किया गया था। 26 जनवरी 1950 को संविधान के अनुच्छेद 343 में हिन्दी को आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता दी गई थी। हिन्दी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के अनुरोध पर पूरे देश में 14 सितंबर को हर साल हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। 14 सितंबर 1953 को पहली बार देश में हिंदी दिवस मनाया गया। हिन्दी, अंग्रेजी और मैंडरिन के बाद विश्व सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है।

हिन्दी दिवस मनाए जाने के मायने
हिन्दी दिवस मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य हिन्दी भाषा को बढ़ावा देना है। सरकारी दफ्तरों में हिन्दी भाषा का प्रयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है। हिन्दी के प्रति लोगों में चेतना बढ़ाने के लिए हिन्दी भाषा अवार्ड भी दिया जाता है। हिन्दी दिवस को स्कूल कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में एक हफ्ते तक मनाया जाता है, जिसे हिन्दी पखवाड़ा कहा जाता है।

कहां से लिया गया है हिन्दी नाम
हिन्दी का नाम फारसी शब्द ‘हिन्द’ से लिया गया है, जिसका अर्थ है सिंधु नदी की भूमि। फारसी बोलने वाले तुर्क जिन्होंने गंगा के मैदान और पंजाब पर आक्रमण किया, 11वीं शताब्दी की शुरुआत में सिंधु नदी के किनारे बोली जाने वाली भाषा को ‘हिन्दी’ नाम दिया था।

तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा, हमारी हिन्दी
हिन्दी पूरे विश्व में तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। हिन्दी भाषा का प्रयोग सभी सोशल मीडिया साइट्स पर भी हो रहा है। आज नामी कंपनियां जैसे गूगल, फेसबुक भी हिन्दी को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत में विदेशों से लोग हिन्दी में डिग्री लेने और हिन्दी सीखने आते हैं। आज हिन्दी भाषा को देश ही नहीं विदेश से भी खूब प्यार मिलने लगा है।

दो बार मनाया जाता है हिन्दी दिवस
भारत में दो बार हिन्दी दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय हिन्दी दिवस से पहले 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस भी मनाया जाता है। जैसे राष्ट्रीय हिन्दी दिवस का उद्देश्य भारत में हिन्दी का बढ़ावा देना है वैसे ही विश्व हिन्दी दिवस का उद्देश्य पूरे विश्व में हिन्दी को बढ़ावा देना है। इस प्रकार से एक बार राष्ट्रीय स्तर पर और एक बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिन्दी दिवस मनाया जाता है।

भारत के अलावा इन देशों में बोली जाती है हिन्दी
भारत में लगभग 43 प्रतिशत लोग हिंदी भाषा बोलते हैं और पूरे विश्व में लगभग 80 करोड़ लोग हिन्दी भाषा बोल और समझ सकते हैं। भारत के अलावा पाकिस्तान, भूटान, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालद्वीप, म्यांमार, इंडोनेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, चीन,जापान, ब्रिटेन, जर्मनी, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मॉरिशस,यमन, युगांडा और कनाडा में भी हिन्दी भाषा का प्रयोग किया जाता है।

फिजी की आधिकारक भाषा है हिन्दी
विश्व के दूसरे देशों में भी हिन्दी बोली जाती है लेकिन क्या आपको पता है फिजी एक ऐसा देश है जहां की आधिकारिक भाषा हिन्दी है। फिजी ने भी भारत की तरह ब्रिटेन की दासता झेली है। अपने शासन के दौरान अंग्रेज भारत से मजदूरों को यहां मजदूरी करवाने लाते थे। फिजी में अंग्रेजी, फिजी, हिन्दी समेत और भी दूसरी भाषाएं बोली जाती हैं। यहां बोली जाने वाली हिन्दी में अवधि भाषा की झलक है।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *