देवरिया। 27 जून मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एक साथ 5 वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने जा रहे हैं। प्रधान मंत्री भोपाल से रानी कमलापति-जबलपुर, भोपाल-इंदौर,मडगांव-मुंबई,धारवाड़-बेंगलुरु और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेसको एक साथ हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम भोपाल में होगा।


मध्यप्रदेश को एक साथ 2 वंदे भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और भोपाल से चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेन रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मध्यप्रदेश को एक साथ दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिलेगी। कमलापति-जबलपुर एक्सप्रेस भोपाल के कई टूरिस्ट प्लेस से होकर गुजरेगी, जिसमें भेड़ाघाट, पचमढ़ी और सतपुड़ा भी शामिल हैं। भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस मालवा और बुंदेलखंड को आपस में कनेक्ट करने का काम करेगी। इस ट्रेन के शुरू हो जाने से महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो और पन्ना जाने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।


गोवा, बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत
भोपाल को दो वंदे भारत को हरी झंडी दिखाने के साथ ही प्रधानमंत्री 3 और वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे। इसमें से गोवा को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गोवा के मडगांव स्टेशन तक चलेगी। सामान्य ट्रेनों की अपेक्षा वंदे भारत एक्सप्रेस एक घंटे पहले डेस्टिनेशन तक पहुंचा देगी। वहीं धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक में धारवाड़, हुब्बली और दावणगेरे से राजधानी बेंगलुरु तक चलेगी।

हटिया-पटना वंदे भारत बिहार और झारखंड में एक साथ दौड़ेगी। इस वंदे भारत के शुरू होने से दोनों राज्यों की राजधानियां आपस में कनेक्ट हो जाएंगी। वंदे भारत से पढ़ने वाले स्टूडेंट्स और उन कारोबारियों को खास फायदा होगा जिन्हें अपने शहर कम से कम समय में पहुंचना होता है।