देवरिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जिन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। महज 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनकर वैभव ने भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव लगातार चयनकर्ताओं की नजर में बने हुए थे। अब (Vaibhav Suryavanshi Team India) का सपना साकार हो गया है और वह जल्द ही भारत की जर्सी में मैदान पर नजर आ सकते हैं। इसके अलावा उन्हें आगामी एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
IPL में किया था धमाकेदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था। पिछले सीजन में उन्होंने सात मैचों में 252 रन बनाए थे, लेकिन आईपीएल 2026 में उनका बल्ला पूरी तरह से गरजा। युवा बल्लेबाज ने 14 मैचों में 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज का खिताब हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप भी मिली। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। उन्होंने पूरे सीजन में 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और कई अनुभवी गेंदबाजों को मुश्किल में डाल दिया।
बड़े गेंदबाजों के खिलाफ किया शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में वैभव ने दुनिया के कई नामी गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। चाहे सामने जसप्रीत बुमराह हों, जोश हेजलवुड हों या पैट कमिंस, युवा बल्लेबाज ने किसी के खिलाफ अपना स्वाभाविक खेल नहीं बदला।क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी यही निडर बल्लेबाजी उन्हें अन्य युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है। कम उम्र में बड़े मंच पर दबाव झेलने की उनकी क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। उन्हें सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तान बनाया गया है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।टीम में पहले से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे अनुभवी ओपनर मौजूद हैं, जिसके कारण अंतिम एकादश में जगह बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए वैभव को अवसर मिलने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं वैभव
अगर वैभव सूर्यवंशी को इस दौरे पर डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वह भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वैभव अभी केवल 15 वर्ष के हैं। ऐसे में डेब्यू करते ही वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। हालांकि टीम में चयन के साथ ही उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को अब उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का बेसब्री से इंतजार रहेगा।